भाजपा का संगठन चुनाव : नगरीय निकाय चुनाव में उम्मीद की 'किरण, देव' ही रहेंगे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले भाजपा में उम्मीद की किरण कुछ इस तरह से जागी है कि जिन किरण देव के नेतृत्व में लोकसभा का चुनाव हुआ है।

Updated On 2025-01-14 11:00:00 IST
Kiran Deo

रायपुर। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले भाजपा में उम्मीद की किरण कुछ इस तरह से जागी है कि जिन किरण देव के नेतृत्व में लोकसभा का चुनाव हुआ है और भाजपा को 11 में से दस सीटें मिली हैं, उनको ही वापस प्रदेशाध्यक्ष की कमान देने का फैसला भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने किया है, ऐसी जानकारी मिली है। अब प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय संगठन से बनाए गए चुनाव अधिकारी विनोद तावड़े 17 जनवरी को रायपुर आएंगे। इसी दिन प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव होगा। जहां प्रदेशाध्यक्ष के लिए एक दर्जन नामांकन फार्म में एक-एक प्रस्तावक-समर्थक के साथ फार्म जमा होंगे, वहीं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के लिए एक-एक नामांकन में एक-एक प्रस्तावक और समर्थक जरूरी होंगे।

राष्ट्रीय परिषद के 17 सदस्यों में पांच सदस्य एससी और एसटी वर्ग के होंगे। बाकी 12 सदस्यों में सामान्य और ओबीसी वर्ग के सदस्य बनेंगे। प्रदेश में भाजपा का संगठन चुनाव चल रहा है। 36 में से 35 जिलाध्यक्षों का चुनाव हो चुका है। मंगलवार को बचे एक जिले का भी चुनाव हो जाएगा। इसके बाद 17 जनवरी को प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव होगा। चुनाव कराने के लिए यहां पर चुनाव अधिकारी विनोद तावड़े आ रहे हैं। उनके आने के बाद प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव होगा। अब यह तय हो गया है कि विधानसभा चुनाव के बाद अरुण साव के स्थान पर बनाए गए प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ही फिर से अध्यक्ष होंगे।

इसे भी पढ़ें...भाजपा का संगठन चुनाव : कवर्धा अध्यक्ष का पेंच सुलझा, राजेंद्र के नाम पर बनी सहमति, आज ऐलान

यह होगी प्रक्रिया

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लिए जो प्रक्रिया होगी उसमें अलग-अलग क्षेत्रों के प्रस्तावक और समर्थक एक दर्जन नामांकन फार्म भरेंगे। एक फार्म में एक प्रस्तावक और एक समर्थक जरूरी होगा। इसी साथ यह जरूरी होगा कि जिन उम्मीदवार के नाम से नामांकन किया जा रहा है, उनकी इसमें सहमति हो। उनकी सहमति के साथ फार्म में उम्मीदवार के हस्ताक्षर भी लगेंगे। यह तय है राष्ट्रीय संगठन जिनको अध्यक्ष बनाना तय करेगा, उनके ही नाम से एक दर्जन फार्म भरे जाएंगे। फार्म में प्रस्तावक और समर्थक के रूप में 135 प्रदेश प्रतिनिधि, 36 जिला अध्यक्ष और छह विधायक और एक सांसद पात्र होंगे। भाजपा के 54 विधायक हैं, उसके दस फीसदी छह विधायक होंगे। दस लोकसभा के सांसद और एक राज्यसभा सांसद हैं, इसलिए सांसदों में एक ही सदस्य पात्र होगा।

राष्ट्रीय परिषद के 17 सदस्यों के लिए भी होगा नामांकन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए देश भर में भाजपा के राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होना है। अपने राज्य छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कुछ मंत्रियों, सांसद, विधायक और प्रदेश के वरिष्ठ दिग्गज भाजपा नेताओं को सदस्य बनाया जाएगा। प्रदेश में रायशुमारी करके 17 नाम तय किए जाएंगे, इसके बाद इनका नामांकन भरवाने के बाद इनके नामों का ऐलान कर दिया जाएगा। इनके नामांकन के लिए भी वे सदस्य पात्र होंगे जो प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के नामांकन और मतदान के लिए पात्र हैं। एक सदस्य के लिए एक प्रस्तावक और एक समर्थक के साथ नामांकन भरा जाएगा।

Similar News