प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी 15 अगस्त के बाद: किरण देव की टीम में लगभग दाे दर्जन नए चेहरों को मिलेगा मौका

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी का ऐलान अब तक नहीं हो सका है।

Updated On 2025-08-13 12:04:00 IST

File Photo 

रायपुर। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी का ऐलान अब तक नहीं हो सका है। पहले इसके 10 अगस्त तक घोषित होने की संभावना थी, लेकिन भाजपा के हर घर तिरंगा अभियान के कारण अब नई कार्यकारिणी का ऐलान 15 अगस्त के बाद ही संभव होगा। यह बात तय है कि नई कार्यकारिणी में दो दर्जन से ज्यादा चेहरे बदलेंगे। पुरानी कार्यकारिणी के 22 पदाधिकारियों को जहां निगम, मंडल, आयोग में स्थान मिला है, वहीं दो पदाधिकारी महापौर भी बन गए हैं। इसी के साथ सभी मोर्चा में भी नए चेहरों को जिम्मा दिया जाना तय है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बने किरण देव को सात माह हो गए लेकिन अब तक प्रदेश की कार्यकारिणी नहीं बन सकी है। किरण देव ने पहले कहा था, मंडलों के बाद जिलों की कार्यकारिणी तय होने के बाद प्रदेश की कार्यकारिणी बनेगी। मंडलों की कार्यकारिणी तो बन गई है, इसी के साथ करीब एक दर्जन जिलों की कार्यकारिणी का भी ऐलान हो चुका है। अब किरण देव की कार्यकारिणी को लेकर यह बात सामने आ रही है कि उनकी कार्यकारिणी का ऐलान 15 अगस्त के बाद कभी भी हो सकता है।

राष्ट्रीय संगठन से मिल चुका है अनुमोदन
दिल्ली में इस माह के पहले ही दिन भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की प्रदेश संगठन को लेकर बड़ी बैठक हुई थी। इसमें मुख्य रूप से प्रदेश संगठन के महामंत्रियों को लेकर मंथन किया गया। जानकारों का कहना है कि एससी वर्ग से पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय और ओबीसी वर्ग से सरगुजा संभाग के अखिलेश सोनी का नाम लगभग फाइनल हो गया है। तीसरा नाम अभी फाइनल नहीं है। वैसे सामान्य वर्ग से भी दो नाम एक राजनांदगांव के पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और एक बिलासपुर संभाग के रजनीश सिंह का लिया जा रहा है।

इन पदाधिकारियों के स्थान पर आएंगे नए चेहरे
प्रदेश की नई कार्यकारिणी में दो दर्जन से ज्यादा नए चेहरों का आना इसलिए तय है, क्योंकि निगम, मंडल, आयोग में प्रदेश संगठन के 22 पदाधिकारी को लिया गया है। इसमें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और दुर्ग संभाग के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, चार प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, नीलू शर्मा, केदारनाथ गुप्ता, दीपक म्हस्के, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम, तीन संभाग प्रभारी रायपुर के सौरभ सिंह, सरगुजा के राजा पांडेय, बिलासपुर के अनुराग सिंहदेव, प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ सदस्य और पुराने दिग्गज नेता रामप्रताप सिंह, रामसेवक पैकरा, राजीव अग्रवाल, श्रीनिवास मद्दी, लोकेश कावड़िया, चंद्रकांति वर्मा, भरत मटियारा, प्रहलाद रजक, राकेश पांडेय शामिल हैं। इसी के साथ प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा और उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव महापौर बन गए हैं। अब इनके स्थान पर नए चेहरों को मौका मिलेगा। इसके अलावा सातों मोर्चा के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। किसान मोर्चा के अध्यक्ष तोखन साहू केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं। इसी तरह से अजा मोर्चा के अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय का महामंत्री बनना तय है। भाजयुमो के रवि भगत का बदला जाना भी तय है। प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया और एक प्रदेश मंत्री ओजस्वी मंडावी को महिला आयोग का सदस्य बना दिया गया है। एक उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन मंत्री बन गए हैं। इनके स्थान पर भी नए चेहरों को मौका मिलेगा।

Similar News