जबलपुर में 15 करोड़ की डकैती: रायगढ़ जेल में बनीं थी योजना

रायगढ़ जेल में डकैती की साजिश का मास्टरमाइंड रहीस लोधी जो एनडीपीएस एक्ट में रायगढ़ जेल में बंद था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जेल में ही गिरोह का गठन किया।

Updated On 2025-08-20 09:25:00 IST

रायगढ़ जेल  

रायगढ़। जबलपुर में हुई 15 करोड़ की सोने की डकैती मामले में छत्तीसगढ़ का बड़ा कनेक्शन सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस डकैती की साजिश रायगढ़ जेल में रची गई थी। मास्टरमाइंड रहीस लोधी जो एनडीपीएस एक्ट में रायगढ़ जेल में बंद था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जेल में ही अपने गिरोह का गठन किया और बाहर आने के बाद वारदात को अंजाम दिया।

जबलपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रहीस लोधी ने रायगढ़ जेल में रहते हुए अपने साथियों का चयन किया। वहीं जेल में रायगढ़ एक्सिस बैंक डकैती कांड के आरोपी बिहार निवासी अपराधी भी बंद थे। लोधी ने इन्हीं से संपर्क कर गिरोह तैयार किया। माना जा रहा है कि जबलपुर डकैती में रायगढ़ बैंक डकैती के आरोपी भी शामिल रहे।

सितम्बर 2023 में रायगढ़ के एक्सिस बैंक में हुई थी डकैती
रायगढ़ के एक्सिस बैंक में 19 सितंबर 2023 को हुई थी डकैती। उस वक्त 5 करोड़ 59 लख रुपए की डकैती हुई थी। जिसमें 4 करोड़ 19 लाख रुपए कैश और एक करोड़ 40 लाख की ज्वेलरी शामिल थी। सुबह 10:00 बजे बैंक खुलने के समय आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को उसी रात बलरामपुर से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी झारखंड भागने की फिराक में थे। इस डकैती कांड में शेरघाटी गया गैंग के सदस्य थे। पुलिस ने लूट की सारी ज्वेलरी और रकम बरामद की थी।

15 करोड़ की लूट लेकिन बरामदगी बेहद कम
डकैती में करीब 15 करोड़ का सोना लूटा गया था। अब तक मास्टर माइंड रहीस लोधी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन पुलिस के हाथ सिर्फ 1.80 लाख रुपए की ही बरामदगी लगी है। बाकी का सोना अब भी फरार डकैतों के पास होने का अंदेशा है। हालांकि डकैती में शामिल कई आरोपी अभी फरार हैं। इस गिरोह के तार बिहार और झारखंड तक जुड़े होने की आशंका है।

रायगढ़ जेल की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
यह मामला एक बार फिर जेलों की सुरक्षा और अंदर की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। रायगढ़ जेल में बंद रहते हुए इतनी बड़ी साजिश रचना गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। इससे पहले भी कई बार यहां की लापरवाही सामने आ चुकी है। जेल की चारदीवारी के भीतर बड़े अपराध फैक्ट्री तैयार हो रही है।

डकैती कांड में जेल से रिहा 4 आरोपियों की संलिप्तता
इस पूरे मामले में रायगढ़ जेल से रिहा होने वाले चार आरोपियों की भूमिका प्रमुख मानी जा रही है। रायगढ़ के डकैती कांड में प्रमुख रूप से 8 लोग शामिल थे। राकेश कुमार गुप्ता, उपेंद्र सिंह, निशांत सुंदरिका सिंह राजपूत, निशांत उर्फ पंकज कुमार और अमरजीत जेल से छूट गए हैं।

Tags:    

Similar News