बुजुर्ग दंपत्ति ने किया मर्डर: शराब पीने को लेकर सौतेले भाई के साथ हुआ विवाद, डंडे से मारकर की हत्या
जशपुर जिले में बुजुर्ग दंपत्ति ने मामूली विवाद के चलते अपने ही सौतेले भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस की गिरफ्त में बुजुर्ग दंपत्ति
खुर्शीद कुरैशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुजुर्ग दंपत्ति ने मामूली विवाद के चलते अपने ही सौतेले भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) (3) (5) के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला कांसाबेल क्षेत्र के अग्बाधार सरनाटोली का है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पूषा राम जो आरोपी बुटुल राम का सौतेला बड़ा भाई है उसके घर गया। जहां उसने आरोपी बुटुल राम के बेटे को शराब पीने हेतु चलने के लिए कहा। जिससे नाराज होकर आरोपी बुटुल राम ने कहा कि, मेरे बेटे को शराब पिलाकर बर्बाद कर रहे हो, यह कहते हुए, अपने सौतेले भाई से वाद- विवाद करने लगा। विवाद के दौरान आरोपी बुटुल राम की पत्नी आरोपिया सुखमति बाई उम्र 67 वर्ष भी मौके पर आ पहुंची। उन दोनों के द्वारा मृतक पूषा राम के ऊपर लाठी से वार किया गया। जिससे मृतक पूषा राम के सिर में गंभीर चोट लगी थी। जिससे घायल पूषा राम को 13 अगस्त को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल कांसाबेल में एडमिट कराया गया था. जहां ईलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
पीड़ित की रिपोर्ट पर कांसाबेल थाने में आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांस के डंडे को जब्त कर लिया है। पूछताछ पर दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा दिया गया।
एएसपी ने दी मामले की जानकारी
इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि कांसाबेल क्षेत्र में एक वृद्ध दंपति के द्वारा, अपने ही सौतेले भाई पर लाठी से वार किया गया था, जिसकी, कि ईलाज के दौरान मौत हो गई है, पुलिस ने दोनों दंपतियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।