सीएम साय ने किया बुद्ध प्रतिमा का अनावरण: सीएम साय ने किया बुद्ध प्रतिमा का अनावरण: बोले- छत्तीसगढ़ में बौद्ध परंपरा की जड़ें अत्यंत गहरी

मैनपाट में सीएम विष्णुदेव साय ने बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण कर बौद्ध मठों के जीर्णोद्धार के लिए लाखों रुपये की घोषणा की। साथ ही शिविर को लेकर बोले- प्रशिक्षण में बहुत कुछ सीखने को मिला।

Updated On 2025-07-09 15:01:00 IST

 बुद्ध प्रतिमा का अनावरण करते हुए सीएम विष्णुदेव साय

संतोष- कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने मैनपाट में बुद्ध की प्रतिमा का आवरण किया। प्रतिमा तिब्बती सहकारी समिति परिसर में स्थापित है। इस दौरान सीएम साय ने तिब्बती समाज की मांग पर सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख देने की घोषणा भी की है। साथ ही बौद्ध मठों के जीर्णोद्धार के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में इस पावन अवसर पर आमंत्रण के लिए तिब्बती समुदाय के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कई ऐसे स्थल हैं, जहां भगवान बुद्ध की उपासना की जाती है। सिरपुर में बौद्ध, जैन और सनातन परंपराएं एक साथ देखने को मिलती हैं, जो राज्य की समावेशी संस्कृति का अद्वितीय उदाहरण है।

बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। वहीं तिब्बती सहकारी समिति की मांग पर मैनपाट स्थित सैला रिसॉर्ट से बौद्ध मंदिर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और प्राचीन बौद्ध मंदिर में शेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर पौधरोपण किया।

बुद्ध के विचारों का वैश्विक जीवन पर गहरा प्रभाव- सीएम साय
मुख्यमंत्री साय ने दलाई लामा जी के 90वें जन्मदिवस का स्मरण करते हुए कहा कि, उनका जीवन भगवान बुद्ध की करुणा, प्रेम और शांति के सिद्धांतों का सजीव प्रतीक है। आज की दुनिया के लिए उनका संदेश नई आशा और सकारात्मकता का स्रोत है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व भर के नेताओं ने दलाई लामा जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं, जो यह दर्शाता है कि भगवान बुद्ध के विचारों का वैश्विक जीवन पर कितना गहरा प्रभाव है।


सीएम साय ने प्राकृतिक सौंदर्य की तारीफ की
मुख्यमंत्री ने कहा कि, मैनपाट प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर स्थल है, जो पर्यटकों को रोमांचित करता है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, और राज्य सरकार इसके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की नवीन औद्योगिक नीति में पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी गई है, और मैनपाट जैसे क्षेत्रों में होम स्टे सुविधा शुरू करने वालों को विशेष प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष होंगे शामिल
मैनपाट भाजपा सांसद-विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शामिल होंगे। हमारा विचार परिवार, पंच परिवर्तन एवं शताब्दी वर्ष की योजना पर सत्र शुरू हो गया है। प्रांत प्रचारक अभय राम वक्तव्य दे रहे हैं। दूसरे सत्र जिज्ञासा और समाधान का होगा जिसे राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष संबोधित करेंगे। वहीं इसके बाद सरोज पांडेय,वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी सत्र को संबोधित करेंगे। 

प्रशिक्षण वर्ग मिलेगा बड़ा लाभ - सीएम साय
भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग पर सीएम साय ने कहा- बीजेपी में प्रशिक्षण की परंपरा रही है। मंत्री सांसद विधायकों सभी का प्रशिक्षण होता है यह निरंतर सीखने की चीज है। प्रशिक्षण में जनप्रतिनिधि कैसे आगे बढ़े इसका प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही तीन दिनों तक हमारे नेताओं का व्याख्यान सुनने को मिला। सीएम ने आगे कहा- इसका बड़ा लाभ सांसद विधायकों को मिलेगा।

Tags:    

Similar News