भाजपा की नई कार्यकारिणी: प्रदेश संगठन में नए चेहरों को मिलेंगे महामंत्री के पद
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी की कवायद अब तक प्रारंभ नहीं हो सकी है। अगले माह प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर कवायद होगी।
File Photo
रायपुर। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी की कवायद अब तक प्रारंभ नहीं हो सकी है। इस माह से जिलों की कार्यकारिणी का ऐलान प्रारंभ हुआ है। यह अगले माह तक चलेगा। इसके बाद संभावना है कि अगले माह प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर कवायद होगी। यह तय है कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव होगा। इसमें सबसे अहम महामंत्रियों के पदों पर सबकी नजरें हैं। एक महामंत्री जगदीश रामू रोहरा जहां धमतरी के महापौर बन गए हैं, वहीं एक महामंत्री संजय श्रीवास्तव को नान का अध्यक्ष बना दिया गया है। दो और महामंत्रियों को उपाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। ऐसे में महामंत्री के चारों पदों पर नए चेहरों को मौका मिल सकता है। इसको लेकर कई नेता प्रयास में भी लग गए हैं।
किरण देव को अध्यक्ष की कमान संभाले हुए सात माह हो गए हैं, लेकिन अब तक उनकी नई कार्यकारिणी का ऐलान नहीं हो सका है। इसके पीछे का कारण यह है कि मंडलों और जिलों की कार्यकारिणी नहीं बन सकी थी। मंडलों की कार्यकारिणी तो अब बन गई है और जिलों की कार्यकारिणी बनाने का काम भी प्रारंभ हो गया है। अब तक आधा जिलों की कार्यकारिणी का ऐलान हो गया है। सभी जिलों की कार्यकारिणी बनने के बाद ही प्रदेश की कार्यकारिणी बनाने का काम होगा।
नए चेहरों को मिलेगा मौका
प्रदेश की नई कार्यकारिणी के साथ ही भाजपा के सात मोर्चा के नए अध्यक्षों का भी ऐलान होगा। भाजपा की कार्यकारिणी में भी थोक में नए चेहरों को मौका मिलना तय है। प्रदेश सरकार के निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में प्रदेश संगठन के 20 पदाधिकारियों को पद मिल चुके हैं। अब इनके स्थान पर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।
होगा अहम बदलाव
किरण देव की नई कार्यकारिणी में कई बदलाव होने तय हैं। एक उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव राजनांदगांव के महापौर बने हैं। इसी के साथ 20 पदाधिकारियों को निगम, मंडल आयोग में स्थान मिला है। निगम, मंडल की तीसरी सूची में भी कई पदाधिकारियों को पद मिलेंगे। इसके बाद इनके स्थान पर नए चेहरों को रखा जाएगा। मोर्चा के अध्यक्षों में जहां महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी राजपूत को छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष बनाया गया है। विकास मरकाम को भी आयोग में स्थान मिला है। इसी के साथ किसान मोर्चा के अध्यक्ष तोखन साहू केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं। इसके स्थान पर भी नए चेहरों को मौका मिलेगा। प्रदेश संगठन की नई कार्यकारिणी का अनुमोदन राष्ट्रीय संगठन से लेना पड़ता है। ऐसे में संभावना यही जताई जा रही है कि भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही कार्यकारिणी बनाकर उसको अनुमोदन के लिए राष्ट्रीय संगठन को भेजा जाएगा।