बिल्हा की स्वच्छता देश में बनी मिसाल: PM मोदी ने 'स्वच्छता दीदियों' के काम को सराहा, शहर में हर्ष

PM नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में बिल्हा की 'स्वच्छता दीदियों' के कार्यों को सराहा।

Updated On 2025-07-27 18:47:00 IST

स्वच्छता दीदियां 

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ में आज छत्तीसगढ़ की धरती की ख़ास गूंज सुनाई दी। 124 वें एपिसोड में पीएम मोदी ने बिलासपुर जिले के बिल्हा नगर पंचायत का ज़िक्र किया और वजह थी स्वच्छता में उसकी ऐतिहासिक उपलब्धि। प्रधानमंत्री ने खुले मंच से 'स्वच्छता दीदियों' की मेहनत को सलाम किया और कहा कि, ये सिर्फ सफाई नहीं, एक आंदोलन है, जो गाँव-गाँव से निकलकर देश का नाम रोशन कर रहा है। 

दरअसल, स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 की घोषणा में बिल्हा नगर पंचायत को देश की सर्वश्रेष्ठ नगर पंचायत का खिताब मिला है। जबकि, बिलासपुर शहर को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। यह गवर्नेंस के क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। प्रधानमंत्री ने खासतौर पर बिल्हा नगर पंचायत की स्वच्छता दीदियों का जिक्र किया और कहा कि, ये महिलाएं सिर्फ झाड़ू नहीं चला रहीं, बल्कि नए भारत की तस्वीर बना रही हैं। नतीजा यह हुआ कि आज पूरे देश में छत्तीसगढ़ के बिल्हा की चर्चा हो रही है। एक छोटे से नगर पंचायत की ये सफलता अब देश के लिए प्रेरणा बन गई है।

स्वच्छता दीदियों ने गांव की तस्वीर बदली
उन्होंने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ के बिल्हा नगर पंचायत की बहनों ने जो स्वच्छता का काम किया है, वह सराहनीय है। स्वच्छता दीदियों ने गांव की तस्वीर बदल दी है। यह जनभागीदारी की सबसे बड़ी ताकत है। मोदी के मन की बात में छत्तीसगढ़ के बिल्हा नगर पंचायत की उपलब्धियों को लेकर बोदरी नगर पंचायत के सभापति ने भी स्वच्छता दीदियों की प्रशंसा की है।

PM द्वारा स्वच्छता दीदियों को सराहा जाना बिल्हा के लोगों के लिए गर्व का विषय- सभापति

इस पूरे मामले को लेकर सभापति विजय वर्मा ने कहा कि, PM मोदी के द्वारा बिल्हा की स्वच्छता दीदियों' के कार्यों को सराहा जाना हमारे लिए गर्व का विषय है। बिल्हा को पूरे देश में सफाई के लिए राष्ट्रपति के द्वारा सम्मानित किया गया है। वे महिलाएं निश्चित रूप से इस तारीफ की हकदार हैं।  

Tags:    

Similar News