भाजपा में यशवंत जैन को मिली बड़ी जिम्मेदारी: बालोद में खुशी की लहर, घर में लगा बधाई देने वालों का तांता
प्रदेश भाजपा के महामंत्री बनाए गए यशवंत जैन ने हरिभूमि डॉट कॉम के सहयोगी चेनल आईएनएच से चर्चा की।
प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन को बधाई देते हुए कार्यकर्ता
राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी बुधवार को घोषित कर दी गई है। नई कार्यकारिणी में 3 पुराने कार्यकर्ताओं को महामंत्री पद की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन्हीं तीन में से एक हैं यशवंत जैन। बालोद निवासी यशवंत जैन पिछले 35 सालों से पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे हैं।
बुधवार को जैसे ही उन्हें प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की खबर आई उनके निवास स्थान पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। उल्लेखनीय है कि, छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले यशवंत जैन इससे पहले भी भाजपा में कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। यशवंत जैन भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे, छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष रहे।
कई बड़ी जिममेदारियां संभाल चुके हैं यशवंत
अनेक विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कई सीटों के प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। आज प्रदेश महामंत्री बनाए जाने के बाद यशवंत जैन ने कहा कि, पार्टी समय- समय पर जो जिम्मेदारी मुझे देती है, उसे पूरी निष्ठा से निभाना ही मेरा कर्त्तव्य है। अब महामंत्री पद की जिम्मेदार पार्टी नेतृत्व ने मुझे सौंपा है तो इस पद पर भी मैं तन, मन से काम करूंगा।