अवैध धान खरीदी पर प्रशासनिक सख्ती: सुकमा जिले के पुसपाल में 4 मामलों में अवैध धान जब्त, एक घर सील

धान खरीदी प्रणाली की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए सुकमा जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।

Updated On 2025-12-06 19:28:00 IST

जिला प्रशासन ने अवैध धान जब्त कर लिया और एक घर को भी सील कर दिया

लीलाधर राठी- सुकमा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के साथ निरंतर जारी है। खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धान के अवैध भंडारण को रोकने प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी छिंदगढ़ प्रताप विजय खेस के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धान खरीदी केंद्र पुसपाल के पीछे अवैध भंडारण पर चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। कोचिया व्यापारी लक्ष्मीनाथ के कब्जे से 50 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया। कोचिया व्यापारी अभिषेक गुप्ता से 280 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया। वहीं कृषक गंगाराम द्वारा व्यापारी से खरीदे गए 20.4 क्विंटल गैर-कानूनी धान की जप्ती भी की गई। ग्रामीण तिर्ति चक्रधारी के बंद घर में अवैध भंडारण पाए जाने पर घर को आगामी आदेश तक सील किया गया।

जिला प्रशासन ने दी कठोर कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, किसानों के हितों और खरीदी प्रणाली की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वालों पर भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। धान खरीदी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ यह गंभीर कार्रवाई जिले में प्रशासन की ज़ीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट करती है। कार्यवाही के दौरान फ़ूड इंस्पेक्टर विक्रांत नायडू, आकाश भूतड़ा, टीआई आनंद टोप्पो, आरआई त्रिनाथ नाग और पटवारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News