अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा: व्यापारी के घर मारा छापा, 170 क्विंटल धान किया जब्त
सुकमा जिले के छिंदगढ़ क्षेत्र में राजस्व विभाग की टीम ने धान व्यापारी के घर छापा मारा है। इस दौरान घर से 170 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
व्यापारी के घर से 170 क्विंटल अवैध धान जब्त
लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अवैध धान भंडारण का खुलासा हुआ है। राजस्व विभाग की टीम ने सख़्त कार्रवाई करते हुए एक घर से 170 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। यहां के छिंदगढ़ क्षेत्र के व्यापारी सुभाष सिंह के घर धान भंडारित होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद अब उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसडीएम छिंदगढ़ के नेतृत्व में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं पुलिस के संयुक्त दल ने पंचों की उपस्थिति में सील बंद मकान को खोला। जांच के दौरान मकान में लगभग 170 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह धान व्यापारी सुभाष सिंह, निवासी पुसपाल का होना बताया गया। मौके पर ही नियमानुसार धान को जब्त कर मंडी अधिनियम 1972 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई जारी
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि, जिला प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा, अवैध व्यापार पर अंकुश और शासन की नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि, अवैध धान भंडारण और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की इस तत्पर और पारदर्शी कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों एवं किसानों द्वारा सराहना की जा रही है।