राजनांदगांव के दो नन्हे वैज्ञानिकों का कमाल: NSO में भाइयों ने हासिल की 3री और 26वीं इंटरनेशनल रैंक, जिले का नाम किया रोशन
राजनांदगांव जिले के NBIS बोरी स्कूल के दो छात्रों ने नेशनल साइंस ओलंपियाड (NSO) में अंतरराष्ट्रीय रैंक 3 और 26 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
आदिशिव मोदी और आंजनेय मोदी
राजनांदगांव। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, यह बात राजनांदगांव के दो होनहार छात्र भाइयों ने साबित कर दी है। नेशनल साइंस ओलंपियाड (NSO) जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए NBIS बोरी स्कूल के कक्षा 3 के छात्र आदिशिव मोदी ने International Rank – 3, वहीं उनके छोटे भाई आंजनेय मोदी ने International Rank – 26 हासिल कर जिले, स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि न सिर्फ शहर के लिए गर्व का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के छात्रों के लिए प्रेरणा भी बन गई है।
NSO यानी नेशनल साइंस ओलंपियाड का आयोजन हर वर्ष Science Olympiad Foundation (SOF) द्वारा भारत सहित विश्वभर में किया जाता है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों की वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल को विकसित करना होता है। कक्षा 1 से 12 तक के लाखों छात्र इसमें भाग लेते हैं। परीक्षा दो स्तरों में आयोजित होती है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक, प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है।
दोनों भाई NSO लेवल-2 परीक्षा के लिए हुए चयनित
इस वर्ष NBIS बोरी स्कूल के कक्षा 3 के विद्यार्थी आदिशिव मोदी ने NSO लेवल-1 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि उनके भाई आंजनेय मोदी ने 26वीं अंतरराष्ट्रीय रैंक हासिल की। दोनों विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही दोनों भाई NSO लेवल-2 परीक्षा के लिए भी चयनित हुए हैं।
दोनों छात्रों के माता-पिता प्रसन्न
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि, यह सफलता छात्रों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। NBIS स्कूल के संचालक नीरज बाजपेयी एवं प्रिंसिपल एकता गांधी के मार्गदर्शन में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिला, जिससे यह उपलब्धि संभव हो सकी। वहीं दोनों छात्रों के माता-पिता डॉ. अमित मोदी और डॉ. विधि मोदी ने बच्चों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पूरे शहर में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है।