नगर पालिका के सामने धरने पर बैठे कांग्रेसी: धनेन्द्र साहू ने सरकार पर बोला हमला, मांगों की अनदेखी पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पीसीसी के पूर्व चीफ धनेन्द्र साहू के नेतृत्व में नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन की। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
पीसीसी के पूर्व चीफ धनेन्द्र साहू
श्यामकिशोर शर्मा। नवापारा-राजिम। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को नगर पालिका कार्यालय के सामने कांग्रेस पार्टी का जबर्दस्त धरना-प्रदर्शन नारेबाजी के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और महिलाएं मौजूद थी। धरना स्थल पर माहौल पूरी तरह से राजनीतिक जोश और आक्रोश से भरा रहा। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पीसीसी के पूर्व चीफ धनेन्द्र साहू ने भाजपा सरकार पर तीखे और आक्रामक शब्दों में हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा ईमानदारी और जनता की सेवा के बल पर चुनाव लड़ती है, जबकि भाजपा बेईमानी, छल और सत्ता के दुरुपयोग से जीत हासिल करती है। इस सरकार को न जनता की समस्याओं की चिंता है और न ही लोकतांत्रिक मूल्यों की परवाह। सत्ता के नशे में चूर यह सरकार आम आदमी की आवाज दबाने का काम कर रही है। श्री साहू ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, लेकिन सरकार नींद में सोई हुई है। अपने भाषण में उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि हम तो भगवान से यही प्रार्थना करते हैं कि इस सरकार को सदबुद्धि दे, ताकि यह जनता के दुख-दर्द को समझ सके। धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से जनसमस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
मांगों की अनदेखी करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की मांगों की अनदेखी की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन धनेन्द्र साहू का आक्रामक तेवर पूरे कार्यक्रम का केंद्र बिंदु बना। उन्होने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया। कहा कि जिनके कंधों पर जनता के काम करने की जिम्मेदारी है, जब वही सत्ता में बैठकर जनता की बात सुनना बंद कर दें, तब उन्हें नींद से जगाने के लिए धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ता है। यह धरना जनता के हक और अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ चुकी है, इसलिए कांग्रेस सड़कों पर उतरने को मजबूर हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी वादों को याद दिलाते हुए कहा कि मोदी जी ने कहा था अच्छे दिन आएंगे, हर व्यक्ति के खाते में पंद्रह लाख रुपये आएंगे, हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी दी जाएगी और महंगाई कम होगी। लेकिन सच्चाई यह है कि आज न अच्छे दिन आए, न पंद्रह लाख मिले और न ही युवाओं को रोजगार।
देश का युवा बेरोजगारी से परेशान
उन्होंने आगे कहा कि आज देश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, महंगाई आसमान छू रही है। सरकार सिर्फ जुमलेबाजी में व्यस्त है, हालात दिन-प्रतिदिन बदतर होते जा रहे हैं। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सभी को संकट में डाल दिया है। जिस सरकार ने महंगाई कम करने का वादा किया था, उसी के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरतों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी और जनता की आवाज नहीं सुनी, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह और आक्रोश देखने को मिला, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां नाकाम
श्री साहू ने आगे कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि सोना-चांदी आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। जब महंगाई इस कदर बढ़ चुकी है, तो गरीब और मध्यम वर्ग अपनी बेटियों की शादी कैसे करेगा? उन्होंने कहा कि देश पर करीब 212 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, लेकिन मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में यही कर्ज बढ़कर 930 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसे भाजपा सरकार की नाकाम आर्थिक नीतियों का परिणाम बताते हुए कहा कि देश कर्ज में डूबता जा रहा है और जनता महंगाई से कराह रही है। उन्होने वोट चोरी की बात भी कही। नवापारा के कुछेक मुहल्लो में मतदाता सूची से जीवित लोगो के नाम काटने का उदाहरण भी पेश किया। कहा कि चुनाव आता है तो भाजपा विकास की बात नही करती हिंदु-मुश्लिम की बात की जाती है। हिंदुओ के ध्वजवाहक शंकराचार्य महाराज को इन्होने पालकी सहित नही जाने दिया।
इन नेताओं ने पालिका अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामा यादव,पूर्व अध्यक्ष सौरभ शर्मा,नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष संध्या राव,पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, पालिका के पूर्व सभापति रमेश तिवारी, रेखा तिवारी, दीपाली राजपूत,हेमंत साहनी,रामरतन निषाद, चतुर जगत सहित सभी स्थानीय नेताओं ने भाजपा सरकार के ऊपर जमकर हमला बोला और नगर पालिका में जल कर से लेकर 9 सूत्रीय समस्याओं को सामने रखते हुए तीखा हमला बोला। अंत में पीसीसी के पूर्व चीफ धनेंद्र साहू सहित कांग्रेसजनो ने पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंग, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष पार्षद अजय साहू, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष अजय कोचर, राजा चांवला, अनुप खरे, रामकुमार शर्मा, शेखर बाफना, सौरभ सोनी, रघुबीर, पार्षद अर्जुन साहू, टिकेश्वर गिलहरे, फागू राम देवांगन, सचिन बंगानी, निर्माण यादव, मंगराज सोनकर, मुरली राजपूत, सुनील जैन, अहमद रिजवी, सुरेंद्र साहू, लोकिन साहू, रूखमणी साहू, विजय तारक, सुरेन्द्र साहू, वीरेंद्र राजपूत, प्रदीप साहू, बल्लू देवांगन, राकेश सोनकर, राजा ठाकुर, महेश साहू, टीकम यादव, गौतम निषाद, दल्लू यादव, अहमद रजा, गोल्डी पारख, दाऊ राम साहू, अशोक यादव, विक्की साहू, मानसिंह ध्रुव, प्रतीक साहू, भोला साहू, समुंदर यादव, लता कंसारी, वीरू नागवानी, बजरंगी कंसारी, गुड्डू मिश्रा, बल्लू साहू, अतुल ठाकुर, मुरली राजपूत, चुम्मन साहू, भागवत साहू, ताराचंद साहू, नीलकंठ साहू, भारत गोस्वामी, सुनील शर्मा, निगम पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामा यादव एवं पार्षद तरूण कंसारी ने किया।