VB जी राम-जी योजना जनजागरण अभियान: किरण देव बोले- मनरेगा में आकंठ तक भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस गलत धारणा और झूठ फैला रही
बीजेपी द्वारा बुधवार को स्थानीय वीर सावरकर भवन में विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजन किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव
अनिल सामंत- जगदलपुर। बीजेपी द्वारा बुधवार को स्थानीय वीर सावरकर भवन में विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव, भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी व वीबो जी-राम-जी जनजागरण अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व भाजपा बस्तर जिला प्रभारी सतीश लाटिया विशेष रूप से उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जिला स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुये कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत-2047 की संकल्पना को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम है। जो देश के गाँवों को विकसित बनाने व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने मील का पत्थर साबित होगा।
भगवान राम का नाम जुड़ने से कांग्रेस को हो रही तकलीफ- किरणदेव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इस योजना का विरोध कर रहा है। कांग्रेस को इस योजना से इसलिये पीड़ा हो रही है क्योंकि इस योजना में भगवान रामजी का नाम जुड़ा है। मनरेगा में आकंठ तक भारी भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस वीबी जी-राम-जी योजना को लेकर जनता में झूठ, भ्रम व गलत धारणा फैला रही है। कांग्रेस के ऐसे झूठ का मुंहतोड़ जवाब देने भाजपा कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में ज़मीनी स्तर पर जाकर काम करना है। ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर व अन्य माध्यमों से ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणजनों से संवाद बनाना है और वीबी जी-राम-जी योजना के संबंध में जन जागरूकता लानी है।
यह अधिनियम किसानों, मज़दूरों और गरीबों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाला- प्रभारी यशवंत जैन
भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी व विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान के प्रभारी यशवंत जैन ने अपने संबोधन ने कहा कि यह अधिनियम किसानों, मज़दूरों और गरीबों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाला है। विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम के अन्तर्गत चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जायेगा - जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आपदा सुरक्षा और आजीविका संवर्धन। श्री जैन ने कहा कि इस योजना को लेकर प्रदेश में किसानों व श्रमिकों में उत्साह का वातावरण है। वही कांग्रेस द्वारा इस महती योजना का दुष्प्रचार किया जा रहा है। जिसके लिये भाजपा द्वारा विकसित भारत जी-राम-जी योजना को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल, ग्राम सभा, सम्मेलन आदि आयोजित कर इस महती योजना की विस्तृत जानकारी व इसके लाभ से आम ग्रामीण जनों को अवगत कराया जायेगा। इस महत्वपूर्ण अभियान में भाजपा कार्यकर्ता सहभागिता निभायेंगे।
विकसित गाँव से ही विकसित भारत की होगी शुरुआत- सतीश लाटिया
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व बस्तर जिला प्रभारी सतीश लाटिया ने कहा कि विकसित गाँव से ही विकसित भारत की शुरुआत होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में हर परिवार को रोजगार मिले और उनका विकास हो। विकसित भारत जी-राम-जी योजना ग्रामीण भारत को विकास व रोज़गार की नई ऊचांई देने की परिकल्पना को साकार रूप देने लायी गयी है। मनरेगा में पहले जहाँ 100 दिनों का रोज़गार मिलता था,वहीं अब इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के सुनिश्चित रोज़गार की कानूनी गारण्टी मिलेगी। मज़दूरी भुगतान अब सात दिनों के भीतर किया जायेगा। इससे मज़दूरों को न्याय मिलेगा व भुगतान में देरी जैसी पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।
भारत के समग्र विकास और देश को 2047 तक विकसित भारत
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के समग्र विकास और देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीबी जी-राम-जी योजना का क्रियान्वयन किया है। इससे कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और कौशल विकास जैसी गतिविधियों को भी मज़बूती मिलेगी। विकसित भारत जी-राम-जी योजना के जनजागरण अभियान में सभी कार्यकर्ताओं को अपना अमूल्य योगदान सुनिश्चित करना है। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यशाला के अंत में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे में हुये आकस्मिक निधन पर मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गयी।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही ने किया। जिलास्तरीय कार्यशाला में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, लच्छू राम कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, सुधीर पाण्डेय,बलदेव मण्डावी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, नरसिंह राव, परिस बेसरा आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।