छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह: सीएम साय और डिप्टी सीएम शर्मा से नक्सल उन्मूलन सहित कई मुद्दों पर घंटेभर से ज्यादा की चर्चा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम विष्णुदेव साय और दोनों डिप्टी सीएम से मुलाकात कर नक्सल समस्या सहित कई मुद्दों पर बातचीत कर जगदलपुर के लिए रवाना हो गए।

Updated On 2025-12-13 13:50:00 IST

फाइल फोटो 

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। शनिवार की सुबह पौने दो घंटे मेफेयर में सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम से मुलाकात कर नक्सल उन्मूलन सहित कई मुद्दों पर बातचीत की। इसके बाद वो हनुमानजी के दर्शन करने पहुंचे। 10 मिनट तक वे हनुमान मंदिर में रहे। इसके बाद वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होने के लिए जगदलपुर रवाना हो गए।

बैठक को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, जो लक्ष्य तय है उस दिशा में काम हो ही रहा है। कुछ रिपोर्टिंग का विषय होता है उस पर चर्चा की जाएगी।

रात 9 बजे पहुंचे रायपुर
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 11 दिनों बाद एक बार फिर शुक्रवार की रात को 9 बजे रायपुर पहुंचे। विमानतल पर उनका मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अरुण साव सहित प्रदेश के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। विमानतल से सीधे श्री शाह होटल मेयफेयर पहुंचे। यहां पर वे रात को विश्राम करेंगे। शनिवार का बस्तर जाने का कार्यक्रम है। इसके पहले सुबह को 11 बजे से एक बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इस समय में वे प्रदेश सरकार और अधिकारियों के साथ नक्सल मुद्दे पर बैठक कर सकते हैं।

बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह होंगे शामिल
अमित शाह कार्यक्रम के मुताबिक, अंडमान निकोबार से बीएसएफ के विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। उनका इस बार का दौरा विशेष रूप से बस्तर ओलंपिक का समापन करने के लिए हैं। श्री शाह शनिवार को यहां पर सुबह 11 बजे से लेकर एक बजे तक नक्सल मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं। वैसे इसका खुलासा नहीं किया जा रहा है। दो घंटे का समय आरक्षित रखा गया है। जानकारों का कहना है, इस समय में वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा, प्रदेश के अधिकारियों के साथ नक्सलवाद पर चर्चा करके अब तक की गतिविधियों की जानकारी ले सकते हैं। 1.30 बजे वे मेयफेयर में ही भोजन करेंगे और इसके बाद जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।

समापन के बाद दिल्ली होंगे रवाना
श्री शाह दोपहर को 1.50 बजे बीएसएफ के विशेष विमान से यहां से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और अरुण साव भी जाएंगे। जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक के समापन में 2.45 से 4.45 बजे तक शामिल होंगे। इसके बाद 4.55 बजे जगदलपुर विमानतल से बीएसएफ के विशेष विमान से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

Tags:    

Similar News