भाजपाई पहुंचे एसपी ऑफिस: 'भूपेश है तो भरोसा है' पेज से सीएम साय के खिलाफ फर्जी खबरें चलाने का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग

रायपुर में भाजपाइयों ने भूपेश है तो भरोसा पेज से सीएम विष्णुदेव साय के वीडियो को छेड़छाड़ कर मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए एसपी ऑफिस पहुंचे।

Updated On 2025-12-10 20:30:00 IST

एसपी को ज्ञापन देते हुए भाजपा नेता 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपाइयों ने सीएम विष्णुदेव साय के वीडियो को छेड़छाड़ एवं एडिट कर मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए एसपी ऑफिस पहुंचे। बीजेपी जिलाध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुँचा।

भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय 02 दिसम्बर को जिलास्तरीय वार्षिक सामाजिक सम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होने बोईरदादर रायगढ़ गए थे। जहाँ मुख्यमंत्री ने जनता एवं किसानों को संबोधित करते हुए कहा था कि आने वाले समय में यदि आदिवासी समाज के बेटा बेटी अपना कोई उद्योग धंधा शुरू करते हैं तो उन्हें एक रुपए एकड़ में जमीन मुहैया कराई जाएगी। लेकिन रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की निवासी मनीषा गोंड़ द्वारा अपने फेसबुक आईडी के जरिये मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से अपने गलत तथ्यों को जोड़कर तथा भाषण को तोड़-मरोड़कर, एडिट कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल किया गया है, जिससे आम जनता में गलत संदेश जा रहा है। 


प्रतिनिधि मंडल ने की कठोर कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि, इसी प्रकार भूपेश है तो भरोसा है नाम के फेसबुक पेज से भी उक्त वीडियो को छेड़छाड़ कर, एडिट कर वायरल किया गया है। उक्त दोनों वीडियो के वायरल होने से छत्तीसगढ़ की जनता, किसान और आदिवासी समाज काफी रुष्ट है और उनकी भावनाओं को ठेस पहुँची है। मुख्यमंत्री श्री साय की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से वायरल किये गये एडिट वीडियो के पीछे प्रदेश की विपक्षी राजनीतिक पार्टियों की साजिश हो सकती है, जिसकी जाँच कर मामले की तह तक जाना आवश्यक है। मनीषा गोंड़ और भूपेश है तो भरोसा है पेज के आई.डी. होल्डर के द्वारा किया गया दुष्कृत्य जघन्य अपराध है, साथ ही भारतीय सुरक्षा संहिता व आई.टी. एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध भी है। भाजपा ने उक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध तथा इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुध्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।

वीडियो में छेड़छाड़ कर छवि धूमिल करने का प्रयास निंदनीय- शहर अध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष रायपुर शहर रमेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वीडियो में छेड़छाड़ कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कांग्रेस कर रही है। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है जो कांग्रेस को पसंद नहीं आ रही है। इसलिए कांग्रेस इस तरह की निम्नस्तर की राजनीति में उतर आई है। 

ये नेता और पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस दौरान शहर जिला रमेश ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, शताब्दी पांडेय, डॉ. किरण बघेल,विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश पांडे, प्रकोष्ठ से रिसिराज पिठवा, अंजनेश शुक्ला, जिला महामंत्री अमित मैशरी, गुंजन प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष सत्यम दुवा, अकबर अली, नवीन शर्मा, जिला प्रवक्ता शिवजलम दुबे, पुष्पेन्द्र उपाध्याय, राजकुमार राठी, अर्पित सूर्यवंशी, वंदना राठौर,वासु शर्मा, रविन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News