राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ: रायपुर में गूंजेगा सामूहिक 'वंदे मातरम', कई कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ आज पूरे छत्तीसगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। जनपद से मंत्रालय तक वंदे मातरम् का सामूहिक गायन होगा।

Updated On 2025-11-07 09:52:00 IST

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण

रायपुर। आज पूरा छत्तीसगढ़ देशभक्ति की भावना से सराबोर होगा। क्योंकि राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ पूरे उत्साह के साथ मनाई जा रही है। मातृभूमि के प्रति समर्पण और गर्व के इस अवसर पर प्रदेश के जनपद से लेकर मंत्रालय तक वंदे मातरम् की गूंज सुनाई देगी। वहीं राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दोपहर 02:00 बजे सामूहिक राष्ट्रगीत गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

राष्ट्रिय स्तर पर यह विशेष कार्यक्रम सुबह 10 से 11 बजे तक आयोजित होगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राजभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में भी भव्य आयोजन किया जा रहा है।

जगह-जगह वन्दे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ किए जाएंगे स्थापित
यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि पूरे वर्षभर चार चरणों में चलेगा। हर घर तिरंगा अभियान के साथ वंदे मातरम् से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगीताएं भी आयोजित की जाएंगी। राज्यभर में जगह-जगह वन्दे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। जहां नागरिक अपनी आवाज में वंदे मातरम् गाकर पोर्टल पर अपलोड का सकेंगे। हर जिले में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। जिससे यह आयोजन जन-जन का पर्व बनेगा। एक ऐसी गूंज, जो छत्तीसगढ़ से पूरे देश में 'वंदे मातरम्' की अमर ध्वनि फैलाएगी।

ग्राम पंचायत से प्रदेश स्तर तक सभी शासकीय कार्यालय, शैक्षिक और अन्य संस्थानों में 4 चरणों में साल भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे:-

पहला चरण : 7-14 नवंबर 2025
दूसरा चरण : 19-26 जनवरी 2026
तीसरा चरण : 7-15 अगस्त 2026
चौथा चरण : 1-7 नवंबर 2026

पहला चरण 7 नवम्बर से होगा प्रारंभ
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम का शुभारंभ 7 नवम्बर 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रातः 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात पूरे देश में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। गीत के बोल और धुन पोर्टल vandemataram150.in पर उपलब्ध हैं।

जिलों में मंत्रीगण और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
राज्य के सभी जिलों में मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।प्रत्येक जिले में स्थानीय कलाकारों, छात्रों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिक समूहों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले सके।

विद्यालयों में विशेष गतिविधियाँ और रचनात्मक आयोजन
प्रदेश के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में “वंदे मातरम्” विषय पर विशेष सभाएँ, निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ होंगी। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्कूल बैंड के माध्यम से वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की धुन पर प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। राज्य पुलिस बैंड भी सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम और देशभक्ति गीतों पर आधारित कार्यक्रमों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंगेगा।

‘वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ’ एक अभिनव पहल
राज्यभर में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत “वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ” स्थापित किए जाएंगे। इनमें नागरिक अपनी आवाज़ में वंदे मातरम् गाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। पोर्टल पर गीत की मूल धुन और बोल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह पहल लोगों को अपने तरीके से राष्ट्रप्रेम व्यक्त करने का अवसर देगी और आंदोलन को अधिक व्यक्तिगत और भावनात्मक बनाएगी।

राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश- सीएम साय
इस पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ केवल एक स्मरणीय अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए उनमें देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय चेतना की भावना को और गहराई देगा। वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है, जिसकी गूंज हर नागरिक के हृदय में नई ऊर्जा और गर्व का संचार करेगी।

Tags:    

Similar News