पेंड्रा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रूप से मध्यप्रदेश बुचड़खाने ले जाए जा रहे 6 भैंसे छुड़ाए, एक आरोपी गिरफ्तार
पेंड्रा जिले में पुलिस ने जंगल के रास्ते मध्यप्रदेश बुचड़खाने ले जाए जा रहे छह भैंसों को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार किया गया।
आरोपी मानसिंह ओट्टी
आकाश पवार- पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में पुलिस ने अवैध रूप से बुचड़खाने ले जाए जा रहे छह भैंसों को छुड़ाया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सुरंगटोला मसुरीखार तालाब के पास जंगल के रास्ते की गई।
सहायक उप निरीक्षक अवधेश यादव ने बताया कि, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति जंगल के रास्ते मवेशियों को पीटते हुए मध्यप्रदेश की ओर बुचड़खाने ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक अरुण तिर्की और आरक्षक प्रमोद खलखो सहित पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जंगल मार्ग पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी मवेशियों को छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मानसिंह ओट्टी (38 वर्ष), निवासी नरौर, थाना गौरेला के रूप में हुई है।
मवेशियों को ले जा रहा था मध्यप्रदेश
पूछताछ में आरोपी मानसिंह ओट्टी ने बताया कि, वह रामसिंह ग्राम कोदवाही के कहने पर 1,000 रुपये की मजदूरी पर मवेशियों को मध्यप्रदेश ले जा रहा था। उसके कब्जे से छह भैंसे बरामद किए गए, जो कमजोर हालत में थे और उनके पास कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था।
पशुओं को महासाय गौठान में सुरक्षित रखा गया
बरामद किए गए पशुओं को महासाय गौठान में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु कृषक अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, इस मामले में आगे की विवेचना जारी है।