जांजगीर- चाम्पा जिले में ACB का एक्शन: नायब तहसीलदार और पटवारी 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जांजगीर- चाम्पा जिले के पामगढ़ तहसील कार्यालय में ACB ने दबिश देकर नायब तहसीलदार और पटवारी को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।
नायब तहसीलदार और पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
मुकेश बैस- जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर- चाम्पा जिले के एंटी करप्शन ब्यूरो ने पामगढ़ तहसील कार्यालय में दबिश देकर नायब तहसीलदार और पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हांथ पकड़ा है। दोनों ने चोरभट्ठी धान खरीदी केंद्र प्रभारी से रिश्वत मांगी थी। नायब तहसीलदार और पटवारी 35 हजार रुपए रिश्वत की रकम लेते एसीबी के हत्थे चढ़ गए।
दरअसल, कुछ दिन पहले पामगढ नायब तहसीलदार श्रीमती करुणा आहेर और उच्चभट्ठी पटवारी आयुष कुमार ध्रुव ने धान उपार्जन केंद्र चोरभट्टी का निरिक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था की बात कहकर केंद्र प्रभारी धीरेन्द्र कुमार कौशिक से रिश्वत मांगी गई थी।मामले की शिकायत के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने जाल बिछा कर दोनों को रिश्वत लेते रंगे हांथो पकड़ा। रिश्वत में ली गई रकम बरामद कर एसीबी द्वारा दोनों के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है।
सहायक अभियंता 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि, बीते दिनों विद्युत वितरण विभाग के सहायक अभियंता द्वारा खेत में ट्रांसफार्मर लगवाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी जहां एसीबी की टीम ने दीपका स्थित विद्युत वितरण विभाग के सहायक अभियंता को रंगे हाथों 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।