विमानों की आवाजाही प्रभावित: कोलकाता फ्लाइट रद्द, कई विमान 6 घंटे तक विलंब से पहुंची

डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन के नए नियम से विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों की आवाजाही प्रभावित होने लगी है।

Updated On 2025-12-04 09:40:00 IST

File Photo 

रायपुर। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन के नए नियम से विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों की आवाजाही प्रभावित होने लगी है। बुधवार को कोलकाता से रायपुर आने वाली सुबह की फ्लाइट रद्द कर दी गई, वहीं दर्जनभर का संचालन देर से हुआ। चेन्नई बेंगलुरु, हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट एक से छह घंटे विलंब से आवाजाही करती रही। फ्लाइट की लेटलतीफी की वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर गहमागहमी जैसी स्थिति बनी रही।

मिली जानकारी के अनुसार, डीजीसीए द्वारा पायलट सहित क्रू मेंबरों की ड्यूटी के लिए समयसीमा का निर्धारण कर दिया गया है। इसकी वजह विमानन कंपनियों के पास पायलट सहित अन्य स्टाफ की कमी होने लगी है। इसका सीधा असर विमानों के परिचालन पर हुआ है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से बुधवार को संचालित होने वाली फ्लाइटों पर इसका असर नजर आया। इसकी वजह से सुबह से रायपुर विमानतल पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोलकाता से उड़ान भरकर सुबह 7.30 बजे रायपुर आने वाली फ्लाइट नहीं आई
एयरलाइंस कंपनियों के काउंटर पर फ्लाइट के बारे में जानकारी लेने वालों की भीड़ जुटी रही। कोलकाता से उड़ान भरकर सुबह 7.30 बजे रायपुर आने वाली फ्लाइट नहीं आई। इसकी वजह से वापसी के लिए इस एयरक्राफ्ट में टिकट बुक कराने वालों को परेशान होना पड़ा। इतना ही नहीं, रायपुर से दिनभर आवाजाही करने वाली फ्लाइटों के विलंब से आवाजाही करने के कारण यात्रियों को अपने सफर के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।

विमानों की वापसी भी देर से हुई
पुणे से उड़ान भरकर शाम 7.50 रायपुर आने वाली फ्लाइट की टाइमिंग रात एक बजे तय की गई है। वहीं दोपहर 3.20 बजे लैंड होने वाली चेन्नई की फ्लाइट रात 8.45 बजे रायपुर आई। बेंगलुरु की फ्लाइट 7.20 के बजाए रात 10 बजे, हैदराबाद की सुबह 10.30 वाला विमान दोपहर 1 बजे, शाम 6.10 वाली इंदौर फ्लाइट 7.45 बजे, मुंबई की शाम 5 बजे वाली फ्लाइट 6.37 बजे, एयर इंडिया की 8 बजे की फ्लाइट 9 बजे, इंडिगो की 5.25 वाली शाम 7 बजे, दोपहर 1.45 वाली 2.31 बजे और दोपहर 2.20 वाली फ्लाइट शाम 4.15 को रायपुर पहुंची। इसके अलावा कुछ अन्य फ्लाइट भी प्रभावित रही। विलंब से आने के कारण इन विमानों की वापसी भी देर से हुई।

Tags:    

Similar News