आदि कर्मयोगी अभियान: सेवा पर्व बना सफलता की मिसाल, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को मिला राष्ट्रीय सम्मान

आदि कर्मयोगी अभियान में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ने दिखाया नवाचार और उत्कृष्टता- जनजातीय विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार में नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से दिल्ली में मिला सम्मान।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-10-26 18:09:00 IST

राष्ट्रीय सम्मान हासिल करते मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अधिकारी

एनिशपुरी गोस्वामी - मोहला। आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन और अभिनव पहल के लिए मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा स्क्रीन फैसिलिटेशन के माध्यम से उत्कृष्ट जिला के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर तूलिका प्रजापति, सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) एवं परियोजना प्रशासक संजय कुर्रे, सीईओ जनपद मोहला प्रांजल प्रजापति, तथा टीम के अन्य सदस्य संजय देवांगन, कुबेर चोरिया, गोविंद भारद्वाज और योगेश कुमार उपस्थित रहे। यह सम्मान जिले में जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण, सेवा सुलभता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।

‘सेवा पर्व’ के रूप में चलाया गया अभियान
पूरे जिले में आदि कर्मयोगी अभियान को ‘सेवा पर्व’ के रूप में मनाया गया। इसका उद्देश्य प्रत्येक जनजातीय व्यक्ति को सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जोड़ना था। पक्के आवास की सुविधा, आयुष्मान भारत बीमा नामांकन, शिक्षा एवं रोजगार, स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन, सड़क, नल-जल और विद्युतीकरण की 100% उपलब्धता ही अभियान के प्रमुख फोकस क्षेत्र रहे।


आदि सेवा केंद्र और ट्राइबल विलेज विजन 2030 की स्थापना
जिले में ‘आदि सेवा केंद्र’ स्थापित किए गए हैं जो जनजातीय समुदायों के लिए वन-स्टॉप सर्विस सेंटर्स के रूप में कार्य कर रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाया जा रहा है। साथ ही, ‘ट्राइबल विलेज विजन 2030’ के तहत गाँवों के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किए गए, जिनमें समुदाय के सपने और विकास लक्ष्यों को शामिल किया गया।

यह मॉडल अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है- कैबिनेट सचिव
जनजाति कार्य मंत्रालय के कैबिनेट सचिव विभु नायर ने विज्ञान भवन में जिले की टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने सीईओ जनपद मोहला, सहायक आयुक्त, और ग्राम सचिवों से सीधे संवाद किया तथा अभियान के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली। वार्ता के दौरान ग्राम सचिव ने मोहला क्षेत्र में मिनी स्टेडियम, ट्रॉमा सेंटर, और खेल मैदान की आवश्यकता रखी। श्री नायर ने जिले की टीम की सराहना करते हुए कहा कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का मॉडल अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है।

Tags:    

Similar News