जहां हुआ बवाल, वहां पहुंची भावना: MLA ने दुर्गा पंडाल में की पूजा- अर्चना, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

नवरात्र पर्व के पहले दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विवादित ग्राम कामठी का किया दौरा। जहां उन्होंने गांव में स्थापित मंदिरों में की पूजा- अर्चना की।

Updated On 2025-09-22 16:24:00 IST

 MLA भावना बोहरा ने दुर्गा पंडाल में की पूजा- अर्चना

संजय यादव- कवर्धा। नवरात्र पर्व के पहले दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विवादित ग्राम कामठी का किया दौरा। जहां उन्होंने गांव में स्थापित मंदिरों में की पूजा- अर्चना की। विधायक ने सभी ग्रामीणों से गांव में शान्ति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

आपको बता दें कि, रविवार को दुर्गा पंडाल उखाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच रविवार को विवाद हुआ था और गांव तनाव की स्थिति में थी। जिसके बाद प्रशासन ने गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। दुर्गा पंडाल में माता दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई है। फिलहाल गांव में शांति- व्यवस्था कायम है और दुर्गा पूजा का कार्यक्रम जारी है। 

माता वहीं विराजेंगी, जहां विराजती रही हैं- गृहमंत्री
गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कवर्धा के कामठी गांव में दुर्गा प्रतिमा की स्थापना को लेकर एक बार फिर से बवाल हो गया। इस बवाल पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को साफ-साफ कह दिया कि, माता वहीं विराजेंगी, जहां विराजती रही हैं। श्री शर्मा ने कहा कि, दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी थी और माता जिस स्थान पर विराजती आ रही हैं, वही विराजेंगी। श्री शर्मा ने कहा कि, कुछ लोगों ने पंडाल हटाने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि, माता मंदिर में ही विराजेंगी।

रविवार को हुआ था विवाद
उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दुर्गा पंडाल को उखाड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के विवाद को सुलझाने गई पुलिस के साथ भी जमकर मारपीट की हुई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। यह पूरा मामला कुकदूर थाना के कामठी गांव का है।

Tags:    

Similar News