शराब के खिलाफ 'नारी शक्ति' का बड़ा अभियान: पुलिस और आबकारी विभाग ने 6 ठिकानों पर दी दबिश, 350 किलो महुआ जब्त

कोतबा नगर की महिलाओं ने अवैध महुआ शराब और नशाखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर 6 ठिकानों पर दबिश दी।

Updated On 2025-10-06 18:00:00 IST

दो घरों से अवैध महुआ शराब जब्त

मयंक शर्मा- जशपुर/कोतबा। अवैध महुआ शराब के बढ़ते कारोबार और नशाखोरी से त्रस्त कोतबा नगर की महिलाओं ने अब इसके खिलाफ आवाज उठाते हुए एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों से उठी शराबबंदी की यह गूंज अब नगर तक पहुँच चुकी है, जहाँ नारी शक्ति एकजुट होकर अपने घरों और समाज को बचाने के लिए लामबंद हो गई है।

महिलाओं की सूचना पर आबकारी विभाग और कोतबा पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए 6 अलग-अलग अवैध शराब बनाने वालों के घरों में दबिश दी। जिसमें 2 घरों से 350 किलो महुवा लाहन जब्त कर दोनों के खिलाफ 34(1)च अबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही हुई है।

युवा पीढ़ी, बच्चों और पुरुषों पर पड़ रहा बुरा असर
उल्लेखनीय है कि, कोतबा नगर के आस-पास के गाँव रोकबहार, बुलडेगा, फरसटोली और मधुबन में पिछले कुछ समय से महिलाएं अवैध महुआ शराब के खिलाफ लगातार सफल अभियान चला रही हैं। इसी प्रेरणा के साथ, अब कोतबा नगर के गंझूपारा की महिलाएं भी मैदान में उतर आई हैं। उन्होंने अवैध शराब के उत्पादन और बिक्री को रोकने के लिए एकजुटता दिखाते हुए कमर कस ली है। कोतबा नगर में युवापीढ़ी और पुरुषों में मद्यपान नशाखोरी की लत पड़ चुकी है। नगर के कई मोहल्लों में घर-घर बना कर अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। जिसका व्यापक बुरा असर युवा पीढ़ियों बच्चों व पुरुषों पर पड़ रहा है।

विरोध करने पर घरों में गाली-गलौच और मारपीट की धमकी दी जाती है- महिलाएं
महिलाओं का कहना है कि, अवैध शराब की वजह से नगर के पुरुष अधिक मात्रा में शराब का सेवन कर रहे हैं। जिससे महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विरोध करने पर घरों में गाली-गलौच और मारपीट की धमकी दी जाती है। लगातार घरेलु हिसा का शिकार हो कर त्रस्त हो चुकी महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की जाए और अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी कार्यवाही कर उनके घरों में शांति बहाल की जाए।

कार्रवाई में 350 किलो महुवा लाहन जब्त
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को पुलिस चौकी कोतबा और आबकारी बृत पत्थलगांव के टीम के साथ संयुक्त रूप से अवैध शराब बनाने वाले के विरुद्ध कार्रवाई की है। जिसके लिए रेड कर 6 से अधिक ठिकानों में दबिश दी गई। जिनमे कई स्थानों में सफलता नही मिली। लेकिन नगर के वार्ड क्रमांक 9 के निवासी विदेशी बंजारा पिता करम साय बंजारा उमर 40 वर्ष निवासी कोतबा के कब्जे में 200 किलो महुआ का लाहन और ललिता बंजारा पति परदेसी बंजारा उम्र 35 वर्ष निवासी कोतबा के कब्जे में 150 किलो महुआ लाहन मिला, जिसके विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में कोतबा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक अपलेजर खेश, हेड कांस्टेबल अजय खेस एवं आरक्षक बूटा सिंह अमित साय सुभाष साय एवं आबकारी उपनिक्षक पत्थलगांव यज्ञ शरण शुक्ला,आबकारी मुख्य आरक्षक कृनेश सिन्हा,छक्के लाल गुप्ता,आबकारी आरक्षक जुगल पटेल,नगर सैनिक मंजीत महेश्वरी अबकारी विभाग की टीम की अहम भूमिका रही है।

घरों को उजाड़ती शराब, बढ़ती घरेलू हिंसा
महिलाओं का कहना है कि, नगर के कई मोहल्लों में घर-घर अवैध महुआ शराब की भट्टियां चल रही हैं, जिससे शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है। इस आसानी से उपलब्ध शराब ने युवा पीढ़ी और पुरुषों को बुरी तरह जकड़ लिया है, जिससे नगर में मद्यपान और नशाखोरी की लत व्यापक रूप से फैल चुकी है। इस अवैध कारोबार का सबसे बुरा असर घरों पर पड़ रहा है। महिलाएं भारी परेशानी झेल रही हैं क्योंकि पुरुष बड़ी मात्रा में शराब का सेवन कर रहे हैं। जब वे इसका विरोध करती हैं, तो उन्हें घरों में गाली-गलौच, मारपीट और धमकी का सामना करना पड़ता है। लगातार घरेलू हिंसा का शिकार होकर त्रस्त हो चुकी इन महिलाओं ने अब शांति और सुरक्षा की माँग की है।

कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग
महिलाओं ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की माँग करते हुए कहा कि, गंझूपारा की इन महिलाओं ने संयुक्त रूप से स्थानीय प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उनकी मुख्य माँगें अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल और कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।, नगर के मोहल्लों में पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें।,उनके घरों में शांति बहाल हो सके और उनका परिवार सुरक्षित जीवन जी सके।नारी शक्ति का यह कदम यह दर्शाता है कि अवैध नशे के खिलाफ अब समाज स्वयं जागृत हो रहा है, और यदि प्रशासन जल्द सख्त कदम नहीं उठाता, तो यह आंदोलन और भी व्यापक रूप ले सकता है।

शराब पीकर महिलाओं और बच्चों के साथ करते हैं मारपीट
वहीं, वार्ड पार्षद सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि, मैं महिलाओं के निर्णय का स्वागत करता हूँ। वास्तव में नगर में चलाई जा रही अवैध महुवा शराब भट्टियां के कारण पुरुष वर्ग युवा वर्ग शराब के इतने आदी हो गए है कि, दिन रात हफ़्तों तक शराब पी कर घरों में पड़े रहते है। कोई काम पर नही जाते महिलाओं बच्चों के साथ मारपीट करते है। इनके ऊपर पुलिस प्रशासन को कड़ी कार्यवाही करते हुए रोकथाम करे कार्यवाही नही होने की दशा में महिलाएँ स्वयं कार्यवाही करेंगी और एक व्यापक जन आंदोलन का रूप लेगा शराबबंदी से आने वाले युवा पीढ़ी बचेगी।

दो लोगो के घरों से महुवा लाहन जब्त
कोतबा चौकी प्रभारी बृजेश यादव ने कहा कि, समय-समय पर अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही की जाती हैं। आज भी वार्ड क्रमांक 9 में दो लोगो के घरों से बड़ी मात्रा में महुवा लाहन जब्त कर कार्यवाही आबकारी विभाग के साथ संयुक्त रूप से किया गया है।

Tags:    

Similar News