धान बेच नहीं पाए किसान: कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग
जशपुर जिले के किसानों ने धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन किया और तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा
अजय सुर्यवंशी- जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के सैकड़ों किसान धान खरीदी नहीं होने से गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। इसी को लेकर आक्रोशित किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र धान खरीदी की मांग की।
धान उपार्जन केंद्र डूमरबहार अंतर्गत सराईटोला, लोकेर, शेखरपुर किसानों का कहना है कि, ऑनलाइन सिस्टम में टोकन नहीं कटने और खरीदी की लिमिट नहीं बढ़ने के कारण उनकी धान की खरीदी नहीं हो पाई है। कई ऐसे किसान भी हैं जिनकी धान का सत्यापन हो चुका है, इसके बावजूद खरीदी नहीं की गई।
धान खरीदी नहीं होने से किसानों पर आर्थिक संकट
किसानों ने बताया कि, जिले में हजारों किसान ऐसे हैं जिनकी धान अब तक नहीं खरीदी गई है। धान खरीदी नहीं होने से किसानों पर आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। वे धान बेचकर बच्चों की पढ़ाई, कर्ज की अदायगी और घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, लेकिन खरीदी नहीं होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है।
समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो करेंगे उग्र आंदोलन
उन्होंने ने कहा कि, किसानों ने शासन से तत्काल धान खरीदी शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी
इस संबंध में तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने बताया कि, किसानों द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसे उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।