बलौदा बाजार के वर्षों की मांग पूरी: खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा रेल परियोजना को मिली हरी झंडी, केंद्रीय बजट से 270 करोड़ की मंजूरी
केंद्रीय बजट 2025-26 में खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई रेलवे लाइन के लिए 270 करोड़ रुपये स्वीकृत, बलौदा बाजार क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को मिली राहत।
बलौदा बाजार के नई रेल परियोजना को मिली मंजूरी
कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के लिए वर्षों से लंबित खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई रेलवे लाइन परियोजना को आखिरकार केंद्र सरकार से बड़ी राहत मिली है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के केंद्रीय बजट में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 270 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के सपने को नया आधार मिल गया है।
रेल कनेक्टिविटी के सपनों को मिला नया आधार
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस रेलवे लाइन की मांग की जा रही थी। जिले के विकास, उद्योग और व्यापार विस्तार के लिए यह रेल परियोजना एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। नई लाइन बनने से बलौदा बाजार न केवल राजधानी रायपुर से बेहतर जुड़ाव पाएगा, बल्कि औद्योगिक कॉरिडोर को भी सीधा लाभ मिलेगा।
तेज़ होंगे अधिग्रहण और निर्माण कार्य
अनुमानों के अनुसार बजट मंजूरी के बाद भूमि अधिग्रहण, एलाइनमेंट सर्वे और अन्य प्रारंभिक कार्यों में तेजी लाई जाएगी। परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र का आर्थिक, सामाजिक और परिवहन ढांचा और मजबूत होने की उम्मीद है।
अगले वर्ष के बजट में और राशि की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय बजट में मिली राशि पर खुशी जताते हुए कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस परियोजना के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होगी, ताकि निर्माण कार्य बिना रुकावट पूरे हो सकें।
स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौलबलौदा बाजार अंचल में इस घोषणा के बाद खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे जिले के भविष्य के विकास के लिए गेम-चेंजर कदम बताया है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग इस परियोजना के जल्द शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।