किसान का अनूठा विरोध प्रदर्शन: धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटा तो चढ़ गया हाई टेंशन टावर पर, लगी भारी भीड़
जांजगीर-चांपा के कसौदी गांव में धान बेचने के लिए टोकन न मिलने से नाराज़ किसान अनिल पैगवार हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
टोकन न कटने पर टावर पर चढ़ा किसान
मुकेश बैस- जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के कसौदी गांव में धान बेचने के लिए टोकन न कटने से नाराज़ किसान अनिल कुमार पैगवार ने शनिवार को हाई टेंशन टावर पर चढ़कर विरोध जताया। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
टोकन न कटने से किसान का फूटा गुस्सा
धान खरीदी के शुरू होने के बावजूद टोकन न मिलने से किसान अनिल पैगवार काफी दिनों से परेशान था। लगातार प्रयासों के बावजूद कोई समाधान न मिलने पर उसने टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस बल ने भी क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। अधिकारियों ने किसान को नीचे उतरने के लिए समझाइश देना शुरू किया।
ग्रामीणों की बढ़ती भीड़
कसौदी और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने लोगों को दूरी बनाने की अपील की। प्रशासन किसान की मांग को समझने और समाधान की दिशा में बात कर रहा है।
धान खरीदी में पारदर्शिता की मांग
अनिल पैगवार का आरोप है कि धान खरीदी टोकन के वितरण में गड़बड़ी हो रही है, जिसके कारण कई किसानों को समय पर टोकन नहीं मिल पा रहा। उसने प्रशासन से खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और टोकन जारी करने की व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।