जल संचयन में बालोद देशभर में अव्वल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित, 2 करोड़ की मिली प्रोत्साहन राशि

जल संचयन और जन भागीदारी अभियान में बालोद जिले ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति ने कलेक्टर को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

Updated On 2025-11-18 13:44:00 IST

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मान प्राप्त करती हुईं कलेक्टर दिव्या मिश्रा

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले ने जल संचयन और जन भागीदारी अभियान में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2 करोड़ की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्त्ति पत्र देकर सम्मनित किया। जिले की कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने यह सम्मान प्राप्त किया है।

बालोद ने देशभर में जल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर इतिहास रच दिया है। इस अभियान के तहत 1 लाख से अधिक नई जल संरचनाएँ, 30 हजार से ज्यादा पुराने जल स्त्रोतों का पुनरुद्धार और 3.88 लाख पौधारोपण किया गया। वहीं हजारों वॉटर रिचार्ज पिट बनाकर देश में नंबर-1 का दर्जा हासिल किया है।

राजनांदगांव को मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कार
वहीं राजनांदगांव जिले को दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह सम्मान कलेक्टर जितेन्द्र यादव और सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने प्राप्त किया। यह पुरस्कार राष्ट्रीय जल मिशन कार्यक्रम अंतर्गत मिला है। जिसके तहत किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए 2 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।


2022 से चल रहा जल सुरक्षा का मिशन
यह उपलब्धि वर्ष 2022 में प्रारंभ किए गए मिशन जल रक्षा के सफल क्रियान्वयन का परिणाम रही है, जिसमें जिले के नागरिकों, महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्योगपतियों और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, जिले के तीन विकासखंड भू-जल स्तर के मामले में सेमी- क्रिटिकल जोन में हैं। जिले में 85 प्रतिशत भू-जल सिंचाई, 13 प्रतिशत घरेलू उपयोग और 2 प्रतिशत औद्योगिक उपयोग में हो रहा है। तेजी से गिरते जल स्तर को देखते हुए जिले ने व्यापक रणनीति के साथ जल शक्ति अभियान - कैच द रेन मोर गांव मोर पानी के अंतर्गत मिशन जल रक्षा - नारी शक्ति से जल शक्ति की शुरूआत की।

Tags:    

Similar News