हर घर स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प: बीजेपी अध्यक्ष किरण देव ने बाजार में स्थानीय कारीगरों से की खरीददारी

जगदलपुर के विधायक किरण देव सिंह ने दीपावली के एक दिन पूर्व बाजार में जाकर स्थानीय कारीगरों और किसानों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीदारी की।

Updated On 2025-10-19 18:53:00 IST

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह 

अनिल सामंत- जगदलपुर। दीपावली की रौनक अब सिर्फ दीपों तक सीमित नहीं रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वदेशी अपनाओ, देश को समृद्ध बनाओ अभियान को बस्तर की जनता ने पूरी ताकत से अपनाया है। इस अभियान का असर तब और भी स्पष्ट हुआ, जब जगदलपुर के विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने दीपावली के एक दिन पूर्व,रविवार को सीरासार स्थित दीपावली बाजार में जाकर स्थानीय कारीगरों और किसानों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीदारी की। विधायक देव ने स्थानीय कुम्हारों, ग्रामीण महिलाओं और ग्रामीण कारीगरों से मिलकर उनकी परेशानियों और मेहनत की कहानी सुनी। उन्होंने मिट्टी के दीये, धान के तोरण,हस्तनिर्मित सजावट सामग्री और अन्य स्वदेशी उत्पाद खरीदे और आम जनता के लिए प्रेरक संदेश दिया।

जगदलपुर के दीपावली बाजार में इस वर्ष मिट्टी के दीयों की चमक, धान के तोरण की खुशबू और हस्तनिर्मित सजावट की रौनक ने हर किसी का मन मोह लिया। विधायक किरण देवसिंह ने कहा कि, हर घर स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कार्यों में साकार करना होगा। आज हमने खुद स्थानीय कारीगरों की वस्तुएं खरीदी हैं। ताकि, उनका श्रम सम्मान पाए और बस्तर की अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

कारीगरों और ग्रामीणों का उत्साह
इस अवसर पर ग्रामीण कारीगर और महिलाएं अपने उत्पादों के साथ बाजार पहुंचीं। उनके चेहरे पर खुशी झलक रही थी। एक कुम्हार महिला पारो ने बताया अब हमें लगता है कि हमारे हाथों का काम सराहना पा रहा है। लोग हमारे दीये, तोरण और सजावटी सामान खरीद रहे हैं। इस दीपावली हमारे लिए खास है। 


भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रेरक खरीदारी
विधायक श्री देव के साथ कई भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी बाजार पहुंचे। उन्होंने भी लोकल उत्पादों की खरीदारी कर आम जनता को संदेश दिया कि स्वदेशी अपनाना अब सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है।बाजार में दीपों की रौशनी और लोगों की चहल-पहल के बीच यह दृश्य किसी त्योहार की असली झलक जैसा लग रहा था।

दीपावली बाजार में स्वदेशी की चमक
सीरासार बाजार में इस बार मिट्टी के पारंपरिक दीये, गोबर दीये, मटका दीप, हस्तनिर्मित सजावट सामग्री और अन्य पर्यावरण-मित्र उत्पाद खास तौर पर लोकप्रिय रहे। स्थानीय कारीगरों ने बताया कि इस बार लोकल उत्पादों की मांग में अद्भुत बढ़ोतरी हुई है।

देश को आत्मनिर्भर बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम
विधायक श्री देव सिंह ने कहा कि, स्वदेशी वस्तुएं खरीदना केवल कारीगरों का समर्थन नहीं है,बल्कि यह देश को आत्मनिर्भर बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। दीपावली का त्योहार अब हर घर में स्वदेशी की चमक लेकर आए। देशभक्ति और स्थानीय विकास का संगम इस पहल से बस्तर में स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिला और कारीगरों का आत्मविश्वास बढ़ा। यह केवल एक खरीदारी का दिन नहीं, बल्कि “हर घर स्वदेशी” आंदोलन को जीवंत करने का अवसर था। 

Tags:    

Similar News