जगदलपुर में विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन: विधायक किरण देव बोले- कोई कमी नहीं आने देंगे, हर योजनाएँ प्राथमिकता से होंगी पूरी
बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने विकास के लिए 92.22 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन और लोकार्पण करते हुए विधायक किरण देव
अनिल सामंत- जगदलपुर। जगदलपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने शुक्रवार को शहर के विकास को गति देते हुए 92.22 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण व भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि, शहर में युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराने हेतु इंदिरा स्टेडियम और बस्तर क्लब में बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण प्रारंभ किया जा रहा है।
डीएमएफटी मद से 19.95 लाख और 17.27 लाख की लागत से इन कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कोर्ट तिराहा चौक में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन मद से 30 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं 25 लाख की लागत से तैयार वीर सावरकर भवन का रिनोवेशन भी लोकार्पित किया गया, जो अब सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों का आधुनिक केंद्र बनेगा।
जलभराव की समस्या के लिए पुलिया निर्माण महत्वपूर्ण
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण देव ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा में लगातार चौमुखी विकास के कार्य प्रगति पर हैं। शहर में बॉक्स क्रिकेट का निर्माण युवाओं को प्रतिभा निखारने का अनूठा मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि, जनमानस को मूलभूत सुविधाएँ देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पुलिया निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएंगे। महापौर संजय पांडे ने कहा कि, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के दूरदर्शी नेतृत्व की वजह से शहर के हर क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। आज जिन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है, वे शहरवासियों की लम्बे समय से लंबित मांगों को पूरा करेंगे।
इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
इस दौरान लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, निगमअध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, विद्याशरण तिवारी, एमआईसी सदस्य निर्मल प्रसाद पानीगाही,योगेन्द्र पांडे, संग्राम सिंह राणा, लक्ष्मण झा,संजय विश्वकर्मा, कलावती कसेर, त्रिवेणी रंधारी, पार्षद नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, आशा साहू, उर्मिला यादव, कुबेर देवांगन, मनोहर तिवारी, राजेश श्रीवास्तव, आर्येंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, राजपाल कसेर, परेश ताटी, योगेश मिश्रा, पंकज आचार्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
शहर का विकास अनवरत जारी रहेगा- महापौर
महापौर संजय पांडे ने कहा कि, शहर में जनता की मांगों के अनुरूप विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। जिनमें युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए क्रिकेट का निर्माण, बरसात में होने वाली जलभराव की समस्या के समाधान के लिए पुलिया निर्माण और सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वीर सावरकर भवन का रिनोवेशन प्रमुख हैं। महापौर पांडे ने कहा कि, भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण कार्य प्राथमिकता से तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएंगे और शहर का चौमुखी विकास निरंतर जारी रहेगा।