शासकीय कॉलेजों में होगा समायोजन: जहां प्राध्यापकों की कमी वहां भेजे जायेंगे प्रोफेसर, तैयारी शुरू
छत्तीसगढ़ के शासकीय कॉलेजों में युक्तियुक्तकरण की तर्ज पर समायोजन होगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
शासकीय कॉलेजों में होगा समायोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय कॉलेजों में युक्तियुक्तकरण की तर्ज पर समायोजन होगा। अतिरिक्त प्रोफेसर को जहां प्राध्यापकों की कमी है वहां भेजे जाएंगे।उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने जानकारी दी है। प्रदेश के कई कॉलेजों में प्राध्यापकों की कमी है वहां समायोजन होगा। इसके लिए अब उच्च शिक्षा विभाग ने समायोजन की तैयारी शुरू कर दी है। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने 700 पदों पर भर्ती के लिए सीएम विष्णुदेव साय का आभार जताया है। उन्होंने कहा- वित्त विभाग से पत्र आते ही भर्ती शुरू होगी।
उल्लेखनीय है कि, राज्य सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और संतुलित बनाने की दिशा में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से बेहतर परिणाम मिले हैं। प्रदेश में युक्तियुक्तकरण के पूर्व कुल 453 विद्यालय शिक्षक विहीन थे। युक्तियुक्तकरण के पश्चात एक भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं है।
स्कूलों में शिक्षकों की कमी हुई दूर
इसी प्रकार युक्तियुक्तकरण के पश्चात प्रदेश के 5 हजार 936 एकल शिक्षकीय विद्यालयों में से 4 हजार 728 विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना की गई है जो कि, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक सार्थक कदम है। जिससे निःसंदेह उन विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।