मौसमी व्यवधान में बीतेगा फरवरी: बादल- बारिश, ओलावृष्टि के साथ पारा भी चढ़ेगा
इस बार मौसमी उतार-चढ़ाव की संभावना अधिक है और इसकी शुरुआत सोमवार से राज्य के कुछ एक इलाकों में बारिश के रूप में होने के आसार है।
File Photo
रायपुर। फरवरी के महीने में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ मौसमी व्यवधान पैदा करने वाले होते हैं। इसके प्रभाव से बादल, बारिश के साथ आम सहित अन्य फसलों को खराब करने वाले ओलावृष्टि की संभावना रहती है। महीने के शुरुआत में राज्य में वर्षा होने की संभावना है और आने वाले दिनों में अन्य तरह की हलचल से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। इस मौसम होने वाले हवा की दिशा में बदलाव से अधिकतम तापमान के चढ़कर मध्य इलाकों में 35-36 होने की संभावना भी है। जनवरी की विदाई के साथ प्रातःकाल में सिमट चुकी ठंड का प्रभाव फरवरी में धीमे-धीमे कमी आने की संभावना है। दिन की लंबाई बढ़ने के साथ इस महीने राज्य में आने वाली हवा की दिशा में बदलाव होगा जो मौसम की शुष्कता को कम करेगा जिससे रात के साथ दिन का तापमान भी चढ़ेगा।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फरवरी महीने में पश्चिमी विक्षोभराज्य को काफी बार प्रभावित करता है और इससे बादल छाने, बारिश होने के साथ कई बार ओलावृष्टि के आसार भी बनते है। मौसम ओलावृष्टि के आसार भी बनते है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मौसमी उतार-चढ़ाव की संभावना अधिक है और इसकी शुरुआत सोमवार से राज्य के कुछ एक इलाकों में बारिश के रूप में होने के आसार है। फरवरी के प्रथम सप्ताह में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और ठंड में उपयोग होने वाले गर्म कपड़ों से दूरी बनाने की आवश्यकता होगी। फरवरी में ठंड की विदाई का प्रभाव दक्षिण और मध्य हिस्से पर ज्यादा नजर आएगा।
17 साल पहले 38 डिग्री का रिकार्ड
रायपुर में 17 साल पहले यानी वर्ष 2009 में 28 फरवरी को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था जो अब तक का रिकार्ड है। इसी तरह फरवरी में पेंड्रा में 27 फरवरी 2006 को पारा 37 डिग्री, जगदलपुर में 20 फरवरी 2006 को 38.7, अंबिकापुर में 25 फरवरी 2006 को 34.8 बिलासपुर में 28 फरवरी 2009 में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। इस बार भी तापमान इसके करीब जाने की संभावना है।
अभी दिन-रात का पारा 2 डिग्री ज्यादा
अभी रायपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। वर्तमान में सुबह-सुबह ठंड का प्रभाव है और दिन चढ़ने के बाद गर्मी बढ़ती महसूस हो रही है। सरगुजा समेत उत्तरी हिस्से में ठंड की विदाई में कुछ वक्त लगने के आसार है मगर मध्य हिस्से ठंड का प्रभाव आने वाले दिनों में समाप्त होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में रायपुर का तापमान सबसे ज्यादा 31. 1 तथा सबसे कम अंबिकापुर का 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।