नारायणपुर में हरिभूमि-आईएनएच का जिला संवाद: भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की जनता दरबार शैली में हुई समीक्षा
हरिभूमि-आईएनएच के संयुक्त तत्वावधान में 31 जनवरी को नारायणपुर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम लोकतांत्रिक विमर्श, जवाबदेही और विकास की जमीनी तस्वीर सामने लाने का सशक्त मंच बनकर उभरा।
नारायणपुर। हरिभूमि एवं आईएनएच के संयुक्त तत्वावधान में 31 जनवरी को नारायणपुर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम लोकतांत्रिक विमर्श, जवाबदेही और विकास की जमीनी तस्वीर सामने लाने का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की जनता दरबार शैली में समीक्षा की गई, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि, बस्तर अब निर्णायक बदलाव के दौर में है और नक्सल मुक्त बस्तर आने वाले समय में देश के लिए एक नजीर बनेगा। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। जिला संवाद के विभिन्न सत्रों का संचालन स्टेट ब्यूरो हेड शैलेश पांडे, एंकर नदीम और नारायणपुर जिला ब्यूरो चीफ मोहम्मद इमरान खान ने किया। संवाद के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-बिजली-पानी, सुरक्षा, रोजगार और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर केंद्रित चर्चा हुई।
योजनाओं व्यक्ति तक पहुंचाने को अंतिम का लक्ष्य
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संध्या पवार ने कहा कि, सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। वहीं विपक्ष की भूमिका निभाते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीवान, पूर्व जिला अध्यक्ष देवनाथ उसेंडी और छात्र नेता विजय सलाम ने एक के बाद एक सवाल उठाकर सत्ता पक्ष से जवाबदेही तय करने का प्रयास किया।
उत्कृष्ट सेवा देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया
सामाजिक क्षेत्र से रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद महाराज, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी संजय नंदी सहित अन्य वक्ताओं ने शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा निर्वाचन से जुड़े विभागों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूनिट एजीएम निलेश द्विवेदी, हरिभूमि जिला ब्यूरो चीफ शेख महमूद, विभिन्न समाज प्रमुखों और नगर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
केवल बहस नहीं, बल्कि समाधान आधारित संवाद को बढ़ावा देना है
कार्यक्रम के आयोजन में गुरुनानक ऑटो और दर्शनम ने सह-प्रायोजक के रूप में, जबकि मालक ट्रक यूनियन और निक्को जायसवाल, छोटेडोंगर ने प्रमुख प्रायोजक के रूप में सहभागिता निभाई। आयोजकों के अनुसार जिला संवाद का उद्देश्य केवल बहस नहीं, बल्कि समाधान आधारित संवाद को बढ़ावा देना है। नारायणपुर में आयोजित यह कार्यक्रम संवाद, विकास और सहभागिता की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है।
बस्तर की खनिज संपदा आम आदिवासी परिवारों के लिए समृद्धि का माध्यम
जिला संवाद का एक प्रमुख आकर्षण रहा मालक ट्रक यूनियन के जिला अध्यक्ष किशोर आर्य का वक्तव्य। उन्होंने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मौजूदा दौर में बस्तर की खनिज संपदा आम आदिवासी परिवारों के लिए समृद्धि का माध्यम बन रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिन घरों में कभी साइकिल तक नहीं हुआ करती थी, आज वही परिवार लाखों रुपए कीमत के टकों के मालिक बन चके हैं।