बस्तर दौरे पर डिप्टी सीएम अरुण साव: बोले- कांग्रेस ने 5 साल नक्सलवाद को पाला- पोसा, जल्द मुक्त होगा
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा- पीएम मोदी ने रजत जयंती वर्ष का शुभारंभ किया है। जिसके बाद अब राज्य ऊंची उड़ान भरने को तैयार है।
कांग्रेस ने 5 साल नक्सलवाद को पाला- पोसा- डिप्टी सीएम अरुण साव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने बस्तर दौरे को लेकर चर्चा की है। उन्होंने कहा- नक्सलवाद शीघ्र समाप्त होगा, बस्तर में खुशहाली और तरक्की का नया दौर शुरू होगा। सरगुजा में नक्सलवाद हमारे शासनकाल में समाप्त हुआ। कांग्रेस शासन में बस्तर को नक्सलवाद की ओर धकेला गया। कांग्रेस ने 5 साल नक्सलवाद को पाला-पोसा है।
बिजली और कोयला आपूर्ति पर डिप्टी सीएम ने कहा- नया कोयला स्टॉक आने के बाद ही बिजली बिल में राहत मिली है। शेष कोयले की आपूर्ति पूरी होते ही स्थिति सामान्य होगी। केंद्र सरकार से राहत मिलने के बाद जनता को लाभ मिलेगा। सरकार जनता के हित में निरंतर कार्यरत है, राज उत्सव में जनता का जोश और उत्साह सरकार के प्रति विश्वास का प्रतीक है।
सरकार 'सशक्त छत्तीसगढ़' के निर्माण के प्रति प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा- रजत जयंती के राजीव उत्सव का भव्य आगाज हुआ है। छत्तीसगढ़ इस ऐतिहासिक उत्सव का साक्षी बना, प्रधानमंत्री ने रजत जयंती वर्ष का शुभारंभ किया। उत्साह और संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ ऊंची उड़ान भरने को तैयार है। 'सशक्त छत्तीसगढ़' के निर्माण की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है। पीएम के विचार विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाले हैं। उनके इरादों के साथ छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा।
बिहार बहुमत के साथ बनेगी भाजपा सरकार
प्रियंका गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा- बिहार में कांग्रेस की हैसियत बेहद कमजोर है। कांग्रेस तेजस्वी की लघु पार्टी के सहयोगी हैं। भाजपा को उखाड़ने का सपना हास्यास्पद है, बिहार में दो-तिहाई बहुमत से एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
अंदरूनी नक्सली क्षेत्रों में पुलिस बल मजबूत- केदार कश्यप
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा- प्रदेश 10 वर्षों तक नक्सलवाद की पीड़ा झेल रहा था जो अब पूरी तरह से ख़त्म होगा। यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम है। जहां कभी आगमन संभव नहीं था, वहां आज सड़कों का जाल बिछा है। महाराष्ट्र और अंदरूनी नक्सली क्षेत्रों में भी पुलिस की मजबूत उपस्थिति सरकार की 'विल पावर' का प्रमाण है।
मुख्यधारा से जुड़ रहे नक्सली
केदार कश्यप ने कहा- पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में सशस्त्र नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। यह साबित करता है कि, अब वे क्षेत्र पूरी तरह लोकतंत्र की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री ने ' मुरिया दरबार' का उल्लेख करते हुए कहा- सैकड़ों साल पहले भी सामाजिक मुद्दों पर सामूहिक चर्चा लोकतंत्र की जड़ थी।
कांग्रेसियों ने ही संविधान का अपमान किया
राज्य और केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब नक्सलियों को संरक्षण देने का काम हुआ है। कांग्रेस के नेता नक्सलियों को सहयोगी बताकर विकास में बाधा डालने का प्रयास करते रहे। संविधान की बातें करने वाले आज खुद संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। संविधान की किताब लेकर घूमने वाले कांग्रेसियों को पहले उसे समझना चाहिए।
केदार ने कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर कसा तंज
केदार कश्यप ने कहा- कांग्रेस की जिला अध्यक्षों की सूची अब राहुल गांधी तय कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के किसी भी नेतृत्व पर राहुल गांधी को भरोसा नहीं है। भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ और नेता प्रतिपक्ष पर राहुल गांधी को भरोसा नहीं है। जो भी नियुक्तियां हो रही हैं, सब ऊपर से तय की जा रही हैं।