बोलेरो चढ़ाकर दो लोगों की जाने लेने वाले गिरफ्तार: मूंगफली खाने के मामूली विवाद में दिखाई क्रूरता, लापरवाह थानेदार लाइन हाजिर

सूरजपुर जिले में बोलेरो चढ़ाने से दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता और उसके तीन बेटों को गिरफ्तार किया है।

Updated On 2025-09-24 15:01:00 IST

बोलेरो चढ़ाकर दो लोगों की जाने लेने वाले गिरफ्तार

नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मंगलवार को बदमाशों ने बोलेरो से पिता और उसके दो बेटों को रौंद दिया था। इस दौरान पिता- पुत्र की मौत हो गई जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल है। वहीं अब मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी ओडिशा फरार हो गए थे। वहीं घटना में शामिल आरोपियों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता और उसके तीनों बेटे ने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद सभी पकड़े जाने के डर से ओडिशा भाग गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चारों आरोपियों को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम नर्मदा रवि उसके पुत्र ओमप्रकाश ,जयप्रकाश और बाबुलाल है। आरोपियों को पुलिस ओडिशा के कटक से लेकर आ रही है।


लापरवाही बरतने पर टीआई लाइन हाजिर
बोलेरो चढ़ाने से दो लोगों की मौत के मामले में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। रामानुजनगर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू को रक्षित केन्द्र (लाइन) अटैच किया गया है। उसके बदले आलरिक लकडा को रामानुजनगर थाना प्रभारी बनाया गया है। जारी आदेश में कहा गया कि, मामले में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही उदासीनता बरतने पर कार्यवाही की गई है।

क्या है पूरा मामला
यह पूरा मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तीवरागुड़ी गांव का है। सोमवार को आरोपियों और पीड़ितों के बीच में मूंगफली खाने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद यह पूरा मामला थाने तक पहुंच गया। इस बीचरात करीब साढ़े 11 बजे आरोपियों ने तेज रफ्तार बोलेरो से बाइक में सवार होकर थाने से घर जा रहे पिता और उसके दोनों बेटों को रौंद दिया। इस दौरान बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर रेफर किया गया था। जहां उन्होंने ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


इलाज के दौरान पिता ने भी तोड़ा दम
वहीं छोटे बेटे को गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। वहीं परिजनों का आरोप है कि, घटना से पहले वह पुलिस के पास गए थे पर कुछ नहीं हुआ। जिसके बाद त्रिवेणी अपने बड़े बेटे राजा और छोटे बेटे करन के साथ रामानुजनगर थाने से घर जाने के लिए निकला था। रास्ते में आरोपी मौत बन कर इंतजार कर रहे थे।

रास्ते में घात लगाकर बैठे थे आरोपी
जैसे ही आरोपियों की नजर बाइक पर आ रहे त्रिवेणी और उसके बेटों पर पड़ी उन्होंने बाइक के पीछे अपनी बोलेरो वाहन तेज रफ्तार में दौड़ा दी। इस दौरान उन्होंने तीनों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दिया। बोलेरो की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, बाइक सवारों को कुचलने के बाद वह अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा और पलट गया।



Tags:    

Similar News