सशस्त्र सेना झंडा दिवस: सीएम साय ने सैनिकों और शहीद परिवारों के लिए किया अंशदान, बोले- जवानों का योगदान अतुलनीय
सीएम साय ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए अंशदान किया। बोले- सैन्य जवानों का योगदान अतुलनीय है।
सीएम साय से मिले छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर
रायपुर। सीएम विष्णु देव साय से रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री साय को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के प्रतीक स्वरूप सम्मान बैज लगाया तथा संचालनालय सैनिक कल्याण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे वीर सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग, साहस और राष्ट्रसमर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। देश की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे जवानों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने आगे कहा कि, इस दिवस का संदेश है कि राष्ट्र की रक्षा में लगे हमारे जवानों और शहीद परिवारों के प्रति हम सभी अपनी जिम्मेदारी समझें।
सीएम साय ने शहीद परिवारों के लिए किया अंशदान
सीएम साय ने कहा- शहीद परिवारों के कल्याण के लिए सहयोग की भावना से आगे आएं। मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए अपनी ओर से अंशदान भी प्रदान किया। इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित थीं।