विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव: सत्ता के गलियारों में चर्चा सर गर्म
भारतीय प्रशासनिक सेवा 1994 बैच के अधिकारी विकासशील छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव हो सकते हैं।
File Photo
रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा 1994 बैच के अधिकारी विकासशील छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव हो सकते हैं। राज्य की नौकरशाही से लेकर सत्ता के गलियारों में रविवार शाम से लेकर देर रात तक इसी खबर की गूंज रही। राज्य के मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन सेवानिवृत्त हो गएहैं। उन्हें तीन माह के लिए संविदा नियुक्ति दी गई है। यह कार्यकाल भी अब पूरा होने को है। लिहाजा राज्य में नए मुख्य सचिव नियुक्ति होना तय है।
छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिव के रूप में अब जो भी अधिकारी नियुक्त होंगे, वे राज्य के 12वें मुख्य सचिव होंगे। इस पद के लिए स्वाभाविक दावेदारों के रूप में कुछ अधिकारियों के नाम महीनों से चर्चा में थे, लेकिन यह बात उस समय की है, जब श्री जैन रिटायर होने वाले थे। उन्हें सेवानिवृत्ति के समय ही राज्य की सेवा में बने रहने का आदेश मिला था।
लंबे समय से प्रतिनियुक्ति पर हैं विकासशील
विकासशील छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस हैं, लेकिन वे लंबे समय से प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार के लिए सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें राज्य से लेकर केंद्र की नौकरशाही में अनुभवी और कर्मठ अधिकारी माना जाता है। उनके मुख्य सचिव बनने की अचानक शुरू हुई चर्चा के बीच ये जानकारी मिली कि केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 12 सितंबर को उन्हें वापस बुलाने का आदेश जारी किया और 24 घंटे के भीतर ही विकासशील को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) मनीला से औपचारिक रूप से कार्यमुक्त कर दिया गया, जहां वे कार्यकारी निदेशक के सलाहकार के रूप में कार्यरत थे। अगले ही दिन विदाई समारोह आयोजित किया गया।
छत्तीसगढ़ वापसी के संकेत
नौकरशाही के जानकारों की मानें तो इसी ताजा घटनाक्रम को विकासशील की राज्य में मुख्य सचिव के रूप में वापसी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। संकेतों में कहा जा रहा है कि उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति समाप्त करने और उन्हें रायपुर वापस भेजने का आदेश अब केवल एक-दो दिन में आ सकता है। ये संभावना भी है कि विकासशील अगले एक सप्ताह में रायपुर आ सकते हैं। वापसी के बाद मुख्य सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति का आदेश जारी होने की बाद से वरिष्ठ अधिकारी इंकार नहीं कर रहे हैं। विकासशील की पत्नी निधि छिब्बर भी आईएएस 1994 बैच की अधिकारी हैं। वे भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वे भी यहां छत्तीसगढ़ में विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। दूसरी ओर विकासशील वर्ष 2000 में नवगठित छत्तीसगढ़ कैडर में जाने से पहले मध्यप्रदेश में अपने कॅरियर की शुरुआत करते हुए उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर में बतौर कलेक्टर कार्य किया। उन्हें एक कर्मठ अधिकारी के रूप में जाना जाता है। सचिवालय में उन्होंने स्कूली शिक्षा, खाद्य, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को संभाला। दिल्ली में उनके कार्यकाल ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में उनकी राष्ट्रीय साख को और निखारा। वे महामारी की तैयारियों में अग्रिम पंक्ति में रहे और बाद में, जलशक्ति मंत्रालय में जल जीवन मिशन के निदेशक के रूप में कार्य किया। उन्होंने जनवरी 2024 में भारत के सबसे महत्वाकांक्षी ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रमों में से एक का संचालन किया।
सीएस पद के ये भी थे दावेदार
छत्तीसगढ़ में अमिताभजैन के सेवानिवृत्त होने के समय यहां सीएस पद के दावेदारों में रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा. मनोज कुमार पिंगुआ दावेदार थे। लेकिन श्री जैन का कार्यकाल तीन माह के लिए बढ़ने के बाद से इन दावेदारों के नाम चर्चा से बाहर हो गए थे। इसी बीच विकासशील का नाम सामने आने के बाद सीएस की नियुक्ति की नई कहानी शुरू हो गई है।