बिलासपुर में गोलीबारी: दो बदमाशों ने बेख़ौफ की दनादन फायरिंग, 12 संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस
बिलासपुर में दो बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने तिवारी होटल के बाहर बैठे चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह पर फायरिंग कर दी। इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
घटनास्थल की जांच करते पुलिस अधिकारी
पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी में देर शाम हुए गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो बाइक सवार चार नकाबपोश हमलावर तिवारी होटल के बाहर बैठे चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
हमलावरों ने करीब 12 से 14 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दोनों घायल हो गए। गनीमत रही कि उनके साथी नीतेश सिंह ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घायलों को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी और 12 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सभी एंगल से जांच कर रही पुलिस
बताया जा रहा है कि मस्तूरी थाना क्षेत्र के तिवारी होटल के बाहर चंद्रकांत और राजू सिंह, जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के साथ बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर नकाबपोश पहुंचे और अचानक गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। मौके पर खड़ी कार की वजह से दोनों की जान बच गई। हालांकि, उनके हाथ और पैर में गोली लगी। पुलिस पुरानी रंजिश, जमीन विवाद और राजनीतिक दुश्मनी जैसे सभी एंगल से जांच कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मस्तूरी थाना पुलिस सहित आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। तोरवा और मस्तूरी मार्ग पर नाकेबंदी कर दी गई है। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं।
कांग्रेस नेता की भी गोली मारकर हुई थी हत्या
यह पहला वाकया नहीं है जब यहां बदमाशों ने गोलीबारी को अंजाम दिया है। 3 वर्ष पहले निगरानी बदमाश की सूची में शामिल कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। संजू की हत्या शाम चार बजे के करीब सकरी बाईपास चौक में उस वक्त की गई जब वो फार्म हाउस से अपने घर लौट रहा था। एक ब्रेकर के पास उसकी एमजी हेक्टर कार धीमी हुई और दोनों तरफ से हमलावरों ने गोलियां चलाईं। संजू के सिर और शरीर पर तीन से अधिक गोलियां लगी और उसकी वहीं मौत हो गई।