बीजापुर में बड़ा समर्पण: 52 नक्सलियों ने डाले हथियार, इन पर 1 करोड़ 45 लाख का था ईनाम
बीजापुर जिले में 1 करोड़ 45 लाख के इनामी 52 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सुरक्षाबलों की एंटी नक्सल ऑपरेशन से यह सफलता प्राप्त हुई है।
आत्मसमर्पण करते हुए 52 नक्सली
गणेश मिश्रा- बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां कुल 52 नक्सलियों ने का आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित नक्सलियों में पुना मार्गेम योजना के तहत नक्सली मुख्यधारा में शामिल होंगे। सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों ने बीजापुर एसपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों के सामने हिंसा का रास्ता अपना लिया है। टारगेट 2026 से पहले नक्सल संगठन सिमटने लगा। आपको बता दें कि, कुल 1 करोड़ 45 लाख के इनामी नक्सलियों ने समर्पण किया है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि, CRPF और सुरक्षाबलों के प्रयासों से यह 52 माओवादी मुख्यधारा में वापस लौटे हैं। इसमें उत्तम बात यह है कि, इनमें बड़े कैडर में शामिल माओवादी भी शामिल हैं। सरकार की योजनाओं और सुरक्षाबलों की एंटी नक्सल ऑपरेशन से यह सफलता प्राप्त हुई है।
29 नक्सलियों ने एसपी के सामने डाले हथियार
छत्तीसगढ़ में जवानों के द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन से घबराकर नक्सलियों का सरेंडर जारी है। 14 जनवरी को सुकमा जिले के दरभा एवं केरलापाल एरिया कमेटी में सक्रिय रहे 29 नक्सलियों ने एसपी किरण चव्हाण, एएसपी रोहित शाह और सीआरपीएफ 74वीं बटालियन के कमांडेंट हिमांशु पांडे के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
उल्लेखनीय है कि, बीते महीने राजनांदगांव में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन की महत्वपूर्ण MMC (महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) जोनल कमेटी के सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) रामधेर उर्फ होरूपु उर्फ देउ मज्जी (53 वर्ष) ने अपने 11 साथियों के साथ हथियार डाल दिए। इन 12 नक्सलियों पर तीनों राज्यों में कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सबसे बड़ा ईनाम रामधेर पर 1 करोड़ 5 लाख रुपये का था।
नक्सलियों से ऑटोमैटिक हथियार बरामद
आत्मसमर्पण समारोह में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) विवेकानंद सिन्हा, आईजी राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य, डीआईजी (नक्सल ऑपरेशन) आईटीबीपी अनवर ईलाही सहित रेंज के सभी एसपी मौजूद रहे। नक्सलियों ने 10 आधुनिक हथियार भी जमा किए जिनमें 3 AK-47, 1 SLR, 3 इंसास, 2 .303 रायफल और 1 .30 कार्बाइन रायफल शामिल हैं।