धार्मिक आयोजन में सियासी खटास: निमंत्रण पत्र में नाम को लेकर बढ़ी कटुता, नहीं पहुंचे मंत्री और सांसद

बलौदाबाजार में कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में नगरपालिका अध्यक्ष का नाम नहीं होने से माहौल गर्म हो गया। जिसके बाद नाराज मंत्री और सांसद कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

Updated On 2025-11-09 11:37:00 IST

कार्यक्रम का आनंद लेती हुईं महिलाएं

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक खटास देखने को मिला। यहां पर निमंत्रण पत्र में नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन का नाम नहीं होने के कारण विवाद छिड़ गया। जिसके बाद नाराज मंत्री और सांसद भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। वहीं अब इस इस मुद्दे को लेकर आयोजक समिति और नेताओं के बीच मतभेद बढ़ गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और भाजपा नेता शिवरतन शर्मा को आमंत्रित किया गया था। लेकिन राजनीतिक मतभेदों के कारण कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन का नाम शामिल नहीं था। जिसके बाद आयोजक समिति और नेताओं के बीच मतभेद बढ़ गए।


मंत्री और सांसद कार्यक्रम में नहीं हुए शामिल
निमंत्रण पत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष का नाम नहीं होने के चलते मंत्री और सांसद ने कार्यक्रम में शामिल न होने का निर्णय लिया। मंत्री- सांसद की अनुपस्थिति के बावजूद कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों की 20 से 25 हजार की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मैदान में तिल रखने की जगह नहीं थी। शहनाज़ अख्तर ने जैसे ही अपने भजनों की प्रस्तुति शुरू की, पूरा मैदान जय माता दी के जयघोष से गूंज उठा।


आपसी मतभेद की स्थिति बनी
हालांकि मंच से भक्ति रस की धारा बह रही थी, लेकिन राजनीतिक गलियारों में नेताओं की गैरहाजिरी ने सरगर्मी पैदा कर दी। नगर में लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर मंत्री और सांसद ने इतने बड़े धार्मिक कार्यक्रम से दूरी क्यों बना ली। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि, बलौदा बाजार के स्थानीय नेतृत्व के बीच आपसी मतभेद और सम्मान के मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसका असर अब धार्मिक आयोजनों तक दिखने लगा है।


भजन गायक शहनाज़ अख्तर ने बांधा
स्थानीय सिविल लाइन दुर्गोत्सव समिति ने 7 नवंबर को जगराता और भजन संध्या का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में देश की प्रसिद्ध भजन गायक शहनाज़ अख्तर ने अपनी सुमधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन की तैयारियाँ करीब एक महीने से लगातार चल रही थीं। मंच, पंडाल, लाइटिंग और सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे।


Tags:    

Similar News