धान खरीदी के अंतिम चरण में किसानों को राहत: हरिभूमि डॉट कॉम की खबर के बाद कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

छत्तीसगढ़ में चल रही धान खरीदी अब अपने अंतिम चरण पर है। अभी तक अनेक किसान धान बेचने के लिए टोकन से वंचित हैं।

Updated On 2026-01-29 18:40:00 IST

धान खरीदी को लेकर कलेक्टर दीपक सोनी ने दिए सख्त निर्देश 

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतिम चरण में जिले के कई किसानों को रकबा कटौती और धान की कम मात्रा में खरीदी किए जाने को लेकर गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन समस्याओं को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ रही थी। किसानों की इस पीड़ा को 'हरिभूमि डॉट कॉम' द्वारा प्रमुखता से प्रसारित किया गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

कलेक्टर दीपक सोनी ने गुरुवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजीयन अथवा अन्य कारणों से जिन किसानों का टोकन नहीं कट पाया है अथवा जिनका रकबा बिना कारण कम कर दिया गया है, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।


तत्काल टोकन जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि, जिन पंजीकृत किसानों ने समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए हैं, उनके प्रकरणों की तत्काल जांच कर धान बिक्री हेतु टोकन जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले के सभी पात्र किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

टोकनों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य करें
उन्होंने अब तक जारी किए गए सभी टोकनों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही धान खरीदी प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका पर कड़ी नजर रखने और चेक पोस्टों पर सख्त निगरानी बनाए रखने को कहा। कलेक्टर ने बताया कि अब तक अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई है और आगे भी किसी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धान उठाव में तेजी लाने के दिए निर्देश
इसके अलावा कलेक्टर ने धान के उठाव में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि खरीदी किए गए धान का समय पर परिवहन हो सके और किसानों को किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी न उठानी पड़े। धान खरीदी के अंतिम दिनों में प्रशासन की इस सख्ती से जिले के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News

संगीत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह: राज्यपाल ने 5 को डीलिट, 64 को शोध उपाधि और 236 विद्यार्थियों को दिया पदक