अनिल जैन पहुंचे जंबूरी मैदान: छत्तीसगढ़ में विवाद पर बोले- पदेन शिक्षामंत्री ही अध्यक्ष
बालोद में आयोजित राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी शुक्रवार को शुरू हुई, जहाँ अध्यक्ष पद को लेकर उठे विवादों पर नेशनल स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन से स्पष्टीकरण मिला।
नेशनल स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन पहुंचे जंबूरी मैदान
राहुल भूतड़ा - बालोद। 5 दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के उद्घाटन समारोह में नेशनल स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन ने अध्यक्ष पद पर उठे विवाद पर बड़ा बयान देकर स्थिति साफ कर दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के अनुसार शिक्षा मंत्री ही स्काउट-गाइड राज्य परिषद के पदेन अध्यक्ष होते हैं।
अध्यक्ष पद पर उठे विवाद का अंत
हाल ही में जंबूरी आयोजन को लेकर बड़े विवाद खड़े हुए थे, जिनमें भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वयं को स्काउट-गाइड राज्य परिषद का अध्यक्ष बताते हुए जंबूरी रद्द करने की मांग कर दी थी।
इस विवाद को लेकर जब देशभर की निगाहें बालोद जंबूरी पर थीं, तब नेशनल स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन ने अपनी आधिकारिक टिप्पणी में कहा कि, छत्तीसगढ़ शासन के नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं- राज्य का शिक्षा मंत्री ही स्काउट-गाइड परिषद का पदेन अध्यक्ष होता है। बृजमोहन पहले अध्यक्ष थे, लेकिन शासन के नोटिस के बाद अब गजेंद्र यादव ही वर्तमान अध्यक्ष हैं। इस बयान ने पूरे मामले को दिशा दे दी और चल रहे भ्रम पर पूर्ण विराम लगा दिया।
जंबूरी मैदान में विवाद का असर नहीं दिखा
विवाद के बावजूद जंबूरी स्थल पर माहौल उत्साहपूर्ण रहा। 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 15 हजार प्रतिभागी शामिल हुए। विभिन्न कैंप गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रशिक्षण सत्रों के साथ जंबूरी की शुरुआत भव्य रही।