आरंग में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान: विधायक अनुज शर्मा बोले- आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत की नींव है
आरंग में आयोजित विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान बैठक में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान
आरंग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत अभियान 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आरंग विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
इस बैठक में विधायक अनुज शर्मा ने कार्यकर्ताओं और जनता के बीच नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि, आत्मनिर्भर भारत केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक विचार है। ऐसा विचार जो भारत को आर्थिक, सामजिक और तकनिकी रूप से स्वावलंबी बनाने का संकल्प देता है। उन्होंने आगे कहा कि, आत्मनिर्भरता का अर्थ है अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा करने की क्षमता, ताकि देश बाहरी सहायता पर निर्भर न रहे।
वर्ष 2020 में आत्मनिर्भर भारत अभियान की हुई थी शुरुआत
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत की थी। जिसका उद्देश्य था भारत को हर संकट से निपटने के लिए मजबूत बनाना। इस अभियान के तहत कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा और उद्योग जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
यह अभियान 'लोकल फॉर वोकल' को भी प्रोत्साहित करता है- अनुज
विधायक ने आगे कहा कि, यह अभियान 'लोकल फॉर वोकल' को भी प्रोत्साहित करता है। हमें अपने देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए और उन्हें वैश्विक बाजार तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि, भारत आत्मनिर्भरता की बात करते हुए दुनिया से अलग नहीं होना चाहता, बल्कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी सशक्त भूमिका निभाना चाहता है।
सभी ने एकजुट होकर कार्य करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में धरसींवा और आरंग विधानसभा के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य और प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने के लिए सभी ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।