Bihar Weather Today: बिहार में ठंड का कहर जारी, दिन में धूप लेकिन सुबह-शाम सर्दी का रहेगा प्रकोप
Bihar Weather Update Today: बिहार के 18 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। पछुआ हवाओं से ठंड बढ़ने की संभावना है। जानें अपने जिले का तापमान।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले पांच दिनों तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा।
Bihar Weather Update Today: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के 18 जिलों में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जिससे सुबह के समय दृश्यता काफी कम रह सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। वहीं, पछुआ हवाओं के कारण दिन और रात दोनों समय कनकनी महसूस की जाएगी।
दिन में धूप से बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक दिन के समय धूप का असर बना रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पछुआ हवाओं की वजह से सुबह और रात में ठंड का असर कम नहीं होगा।
न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज
शनिवार को बिहार के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। भागलपुर (सबौर) में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। वहीं राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पटना सहित कुल 19 जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री से 12.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दृश्यता में भारी गिरावट, पूर्णिया सबसे आगे
कोहरे का असर दृश्यता पर भी साफ नजर आया। पूर्णिया में दृश्यता मात्र 550 मीटर दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे कम रही। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
रात में और बढ़ेगी ठंड
अनुमान है कि बिहार के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। पछुआ हवाओं के चलते ठंड का असर और तेज महसूस किया जा सकता है, खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में।
प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान
शनिवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गोपालगंज में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
- पटना में अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
- गयाजी में अधिकतम 22.2 डिग्री और न्यूनतम 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
- भागलपुर में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम 7.6 डिग्री रहा।
- मुजफ्फरपुर में अधिकतम 22.0 डिग्री और न्यूनतम 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।