एक्जिट पोल: Axis My India के सर्वे में NDA को मामूली बढ़त, बिहार में फोटो फिनिश की संभावना

Axis My India के एग्जिट पोल में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA को मामूली बढ़त मिलती दिख रही है। सर्वे के अनुसार NDA को 121-141 सीटें और महागठबंधन को 98-118 सीटें मिल सकती हैं।

Updated On 2025-11-12 20:06:00 IST

बिहार चुनाव: Axis My India Exit Poll

Bihar Exit Poll 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सभी 243 सीटों पर मतदान खत्म हो चुका है। मंगलवार को वोटिंग के बाद सामने आए विभिन्न सर्वे यह संकेत दे रहे हैं कि राज्य में एक बार फिर एनडीए की सरकार बन सकती है। महागठबंधन भी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है, जिससे मुकाबला कांटे का नजर आ रहा है।

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल बुधवार को जारी किए गए, जिसमें एनडीए को 121 से 141 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, महागठबंधन 98 से 118 सीटों के साथ कड़ी टक्कर देता दिखाई दे रहा है। प्रशांत किशोर की नई पार्टी ‘जन सुराज’ को 0 से 2 सीटें, एआईएमआईएम को 0 से 2 सीटें और अन्य दलों को 1 से 5 सीटें मिल सकती हैं।


वोट शेयर की बात करें तो एनडीए को 43% और महागठबंधन को 41% वोट मिलते दिख रहे हैं। जन सुराज को 4% और अन्य के खाते में 12% वोट जाने का अनुमान है। जातीय समीकरण भी तस्वीर को और दिलचस्प बना रहे हैं। 

आंकड़ों के मुताबिक यादव समुदाय के 90% और मुस्लिम समुदाय के 79% वोट महागठबंधन के पक्ष में गए हैं। वहीं एनडीए को 49% एससी, 58% अति पिछड़ा वर्ग और 63% ओबीसी मतदाताओं का समर्थन मिलता हुआ दिख रहा है।

महिला वोटर्स में एनडीए को 45% और महागठबंधन को 40% का समर्थन मिला। जबकि पुरुषों में 42% महागठबंधन और 41% एनडीए के पक्ष में खड़े दिखे। फर्स्ट टाइम वोटर्स में 46% ने महागठबंधन और 37% ने एनडीए को चुना।

हालांकि, एग्जिट पोल अंतिम नतीजे नहीं होते। बिहार में अगली सरकार किसकी बनेगी, इसका फैसला 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही होगा। 243 सीटों वाले बिहार में बहुमत का जादुई आंकड़ा 122 है, जिसे पाने के लिए सभी दलों की सांसें अटकी हैं। 

फिलहाल राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है, लेकिन असली जनादेश कुछ ही दिनों में सबके सामने होगा।

Tags:    

Similar News