बिहार चुनाव में बवाल: टिकट न मिलने पर RJD नेता ने फाड़ा कुर्ता, मदन ने लालू के घर के बाहर किया हंगामा; लगाए गंभीर आरोप
बिहार में महागठबंधन के टिकट बंटवारे पर विवाद गहराया। पूर्व प्रत्याशी मदन साह ने राबड़ी देवी के आवास के बाहर विरोध किया, कहा- संजय यादव ने 2.7 करोड़ रुपये मांगे, तेजस्वी पर घमंडी होने का आरोप लगाया।
बिहार में महागठबंधन के टिकट बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रविवार सुबह राबड़ी देवी के आवास के बाहर पूर्व प्रत्याशी मदन साह ने टिकट न मिलने से आहत होकर अपना कुर्ता फाड़ लिया और सड़क पर रोते-बिलखते नजर आए।
उन्होंने आरोप लगाया कि संजय यादव ने मधुबन विधानसभा सीट से टिकट देने के लिए पैसे मांगे थे। रकम न देने पर टिकट किसी और को दे दिया गया।
नाराज मदन साह ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की कार का पीछा करने की कोशिश की, जब लालू पटना में अपने आवास पर पहुंचे। गुस्से में उन्होंने अपने कपड़े फाड़े, जमीन पर गिर पड़े और कहा, "तेजस्वी बहुत घमंडी हैं, लोगों से नहीं मिलते।
संजय यादव टिकट बंटवारे में गड़बड़ी कर रहे हैं। मैं यहां मरने आया हूं। लालू जी मेरे गुरु हैं, उन्होंने मुझे टिकट देने का वादा किया था, लेकिन टिकट संतोष कुशवाहा को दे दिया, जो भाजपा के एजेंट हैं।"
मदन साह ने बताया कि 2020 में लालू ने उन्हें रांची बुलाकर मधुबन में तेली समुदाय की जनसंख्या का सर्वे करवाया था और कहा था कि वे रणधीर सिंह को हरा सकते हैं।
उन्होंने कहा, "मैं 90 के दशक से राजद के लिए काम कर रहा हूं। मैंने अपनी जमीन बेच दी, फिर भी धोखा मिला।" यह घटना महागठबंधन में टिकट बंटवारे को लेकर बढ़ते असंतोष को उजागर करती है, जो गठबंधन की एकता पर सवाल उठा रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: टाइमलाइन और लेटेस्ट अपडेट्स
राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर NDA (बीजेपी-जेडीयू-हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा-लोक जनशक्ति पार्टी) और महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस-वाम दल) के बीच कांटे की टक्कर है। इसके अलावा जान सुराज (प्रशांत किशोर की पार्टी) और AIMIM जैसे नए खिलाड़ी भी मैदान में हैं।
पहले फेज की वोटिंग में मात्र 18 दिन बाकी हैं (6 नवंबर को), लेकिन महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर पेंच फंसा हुआ है। नामांकन वापसी का आखिरी दिन 20 अक्टूबर है, और कई उम्मीदवारों के नाम रद्द भी हो चुके हैं।
बता दें कि चुनाव आयोग ने 6 अक्टूबर 2025 को आधिकारिक शेड्यूल जारी किया था। आयोग के अनुसार, इस चुनाव में कुल 7.43 करोड़ वोटर (जिनमें 14 लाख नए वोटर) अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।
बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के लिए वोटिंग दो फेज में होगी। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को मतदान किया जायेगा। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किया जायेगा।
नामांकन की स्थिति
अब तक कुल 3,562 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं, जिनमें से 2,009 स्वीकार्य किये गए, जबकि 487 नामांकन रद्द हो गए हैं।
विशेष: मतदान दिवस पर सरकारी कर्मचारियों को पेड हॉलिडे रहेगा। उल्लंघन करने पर जुर्माना लगेगा।