BJP प्रत्याशी संजय सरावगी की बायोग्राफी: एक क्लिक में जानिए उम्र, शिक्षा, परिवार, संपत्ति और राजनीतिक सफर
Sanjay Saraogi: जानिए बीजेपी कैंडिडेट संजय सरावगी की उम्र, शिक्षा, परिवार, जाति, संपत्ति और राजनीतिक करियर की पूरी जानकारी। बिहार चुनाव 2025 के उम्मीदवार की जीवनी पढ़ें।
BJP प्रत्याशी संजय सरावगी की बायोग्राफी।
BJP Candidate Sanjay Saraogi: बिहार विधानसभा का चुनाव नजदीक आ गया है। सभी पार्टियों जोर-शोर से चुनावी रैलियों में जुटी हुई हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के अनुभवी नेता संजय सरावगी (56) खूब चर्चा में हैं। संजय सरावगी बिहार के दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र से 5 बार विधायक चुने गए हैं। मौजूदा समय में वह बिहार सरकार में राजस्व और भूमि सुधार विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं। नीतीश कुमार के मंत्री संजय सरावगी इस बार दरभंगा सदर से छठी बार जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरे हैं। इस चुनाव में संजय सरावगी की अहम भूमिका होने वाली है। आइए जानते हैं संजय सरावगी के राजनीतिक सफर के बारे में...
संजय सरावगी की बायोग्राफी
संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ था। वह छात्र जीवन के समय से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे। संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं और उनकी व्यापारी वर्ग में पकड़ काफी मजबूत है। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की भी डिग्री हासिल की है। अपने छात्र जीवन से ही एबीवीपी से जुड़े होने के कारण साल 1965 में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली।
इसके बाद उन्हें युवा मोर्चा में जिम्मेदारी दी गई। फिर आगे चलकर संजय सरावगी को दरभंगा नगर मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश गोवंश प्रकोष्ठ के संयोजक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, कई जिलों में संगठन प्रभारी और सदस्यता प्रभारी के पदों पर काम करने का मौका मिला।
2005 में लड़ा विधानसभा चुनाव
संजय सरावगी ने 2003 में दरभंगा नगर निगम के वार्ड-6 से चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें जीत मिली। इसके बाद फरवरी, 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने संजय सरावगी को दरभंगा सदर से टिकट दिया। इस चुनाव में उन्हें भारी मतों से जीत मिली। फिर अक्टूबर, 2005 में और 2010 में संजय सरावगी दरभंगा से निकटतम राजद उम्मीदवार को 26,000 मतों के अंतर से हराकर नगर विधायक बने थे। उसके बाद से लेकर अभी तक वह दरभंगा शहरी विधानसभा से जीत हासिल करते आ रहे हैं।
साल 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में संजय सरावगी ने महागठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व मेयर ओम प्रकाश खेरिया को 7,000 वोटों के अंतर से मात दी थी। इसके बाद अप्रैल, 2018 में उन्हें प्रकल्प समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। फिर साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद उम्मीदवार अमरनाथ गामी को 10,000 से ज्यादा वोटों से हराया। अब वह लगातार 6वीं बार इस सीट से विधायक चुने जाने की तैयारी कर रहे हैं।
संजय सरावगी की कुल संपत्ति
संजय सरावगी वर्तमान में बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री हैं। वह बिहार सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में गिने जाते हैं। उनके पास कुल 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति है। बिहार चुनाव के लिए दिए गए हलफनामे के अनुसार, सरावगी के पास 59 लाख रुपये कैश, 28 लाख बैंक में, और 60 लाख रुपये पोस्ट ऑफिस में निवेश के रूप में हैं।
इसके अलावा उनकी पत्नी के पास 72 लाख रुपये शेयर में, 11 लाख पोस्ट ऑफिस में और 43 लाख रुपये की ज्वैलरी है। संजय सरावगी के पास कई लग्जरी गाड़ियां भी हैं। उनके पास 1 लाख रुपये का कंप्यूटर और 40 लाख रुपये तक के हथियार भी दर्ज हैं।
कैसे रहा सियासी सफर?
संजय सरावगी का सियासी सफर काफी शानदार रहा है। हालांकि इस बीच उन्हें कुछ परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि साल 1990 में समस्तीपुर में लालकृष्ण आडवानी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करने के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था। हालांकि मौजूदा समय में उनके खिलाफ कोई मामला नहीं चल रहा है।
इस बार सरावगी का किससे मुकाबला?
संजय सरावगी इस साल बिहार विधानसभा चुनाव में दरभंगा सदर सीट से चुनाव जीतकर अपने विजय रथ को आगे बढ़ाना चाहेंगे। हालांकि इस चुनाव में उनका सामना महागठबंधन के दिग्गज नेताओं से होने वाला है। ऐसे में इस बार चुनाव में विजयी होने संजय सरावगी के लिए चुनौती हो सकती है।
दरभंगा सदर सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी के रूप में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उमेश सहनी और जन सुराज पार्टी से पूर्व आईपीएस अधिकारी आर के मिश्रा चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा द प्लूरल्स पार्टी से पुष्पम प्रिया भी चुनाव मैदान में उतरी हैं। ऐसे में संजय सरावगी पिछले 20 सालों से चली आ रही अपनी विधायकी की विरासत को बचाने की कोशिश करेंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।