INDW vs NZW: स्मृति मंधाना का वर्ल्ड कप 2025 में पहला शतक, सबसे अधिक सेंचुरी जमाने वाली दूसरी महिला बल्लेबाज बनीं
INDW vs NZW: स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ महिला विश्व कप 2025 के मैच में शतक ठोका। ये इस विश्व कप में उनका पहला शतक है। स्मृति का ये ओवरऑल 14वां शतक है।
smriti mandhana ने महिला विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक ठोका
Smriti Mandhana century: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ महिला विश्व 2025 के करो या मरो के मुकाबले में शतक ठोक इतिहास रचा। मंधाना सूज़ी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए महिला वनडे में दूसरे सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज़ बन गईं। वो 109 रन की पारी खेलकर आउट हुईं।
मंधाना अब सबसे ज़्यादा वनडे शतक लगाने वाली महिलाओं की सूची में दूसरे स्थान पर हैं, उनके नाम 14 शतक हैं। वह इस सूची में केवल ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग से पीछे हैं, जिन्होंने 15 वनडे शतकों के साथ संन्यास लिया था। इस पारी के साथ मंधाना ने महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में तीसरा शतक जड़ा और विश्व कप में सर्वाधिक शतक लगाने के भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
अपने शानदार फॉर्म को आगे बढ़ाते हुए, मंधाना ने 2025 में एक महिला खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया है, उनके नाम 29 छक्के हैं, और महिला विश्व कप में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण यह संख्या बढ़ सकती है।
यह शतक मंधाना का इस साल का 5वां शतक था, जिससे वह एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक शतक बनाने के मामले में दक्षिण अफ्रीका की तैजमिन ब्रिट्स की बराबरी पर आ गईं। ब्रिट्स ने भी इस साल पाँच शतक बनाए थे। मंधाना 95 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 109 रन बनाकर बेट्स की गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने प्रतिका रावल के साथ पहले विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी की और भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। बाद में प्रतिका ने भी अपना शतक पूरा किया।