Salman Agha: पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने दी वर्ल्ड कप बॉयकॉट विवाद को हवा, बोले- बांग्लादेशी हमारे भाई

Salman Agha on india vs pakistan boycott: पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टी20 विश्व कप से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बॉयकॉट विवाद को हवा दे दी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेटर हमारे भाई हैं और उनके नहीं खेलने का हमें अफसोस है।

Updated On 2026-02-05 15:43:00 IST

पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने फिर से बॉयकॉट विवाद को हवा दे दी है। 

Salman Agha on india vs pakistan boycott: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले कोलंबो में हुए कप्तानों के प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बांग्लादेश की गैरमौजूदगी का मुद्दा फिर से उठा दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश का टूर्नामेंट में नहीं होना अफसोस की बात है और उन्हें मैदान पर देखना अच्छा लगता।

दरअसल, बांग्लादेश ने अपने ग्रुप मैच भारत में खेलने से इनकार कर दिया था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी से मैच शेड्यूल बदलने की मांग की थी। आईसीसी ने यह मांग नहीं मानी, जिसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया।

बांग्लादेशी क्रिकेटर हमारे भाई: सलमान

टी20 विश्व कप से पहले कोलंबो में हुए कैप्टन डे इवेंट में जब सलमान आगा से बांग्लादेश की गैरमौजूदगी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'बांग्लादेशी हमारे भाई हैं। उन्होंने हमेशा पाकिस्तान का समर्थन किया है। उनका टूर्नामेंट में न होना दुखद है।' साथ ही उन्होंने अपनी कप्तानी को लेकर उत्साह जताया और कहा कि यह उनका पहला वर्ल्ड कप है और वह उम्मीद करते हैं कि टीम उनकी अगुआई में अच्छा प्रदर्शन करेगी।

बांग्लादेश ने भी किया पाकिस्तान के फैसले का समर्थन

बांग्लादेश के युवा एवं खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने भी पाकिस्तान के फैसले की तारीफ की। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का धन्यवाद किया और कहा कि भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार बांग्लादेश के समर्थन में उठाया गया कदम है। शरीफ ने भी कहा था कि यह फैसला सोच-समझकर लिया गया और खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए।

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान दोनों को ग्रुप-ए में रखा गया और टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे। पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। पाकिस्तान 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा जबकि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि पाकिस्तान के मैच बहिष्कार के फैसले के बाद इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं।

आईसीसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने सेलेक्टिव पार्टिसिपेशन के फैसले पर दोबारा विचार करेगा। साथ ही यह भी सवाल उठ रहे हैं कि अगर दोनों टीमें बाद में नॉकआउट चरण में आमने-सामने आईं तो फिर क्या होगा। 

Tags:    

Similar News