T20 World cup: वर्ल्ड कप से पहले एक खिलाड़ी की चोट ने बढ़ाई भारत की चिंता, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 गेंद ही फेंकी

T20 World cup 2026: साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल। भारत ने 240 रन बनाकर 30 रन से मुकाबला जीता है।

Updated On 2026-02-05 13:17:00 IST

Harshit rana injury update

T20 World cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आई है। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अनऑफिशियल वॉर्म-अप मैच में तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल हो गए। हालांकि भारत ने मुकाबला शानदार तरीके से जीता लेकिन राणा की चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी।

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने तेज अर्धशतक जमाते हुए 7 छक्के लगाए और टीम की जीत की नींव रखी। भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 19 छक्के लगाए और साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया।

हर्षित राणा चोटिल हुए

गेंदबाजी के दौरान हर्षित राणा असहज नजर आए। एक ही ओवर में 2 बार वह अपने रन-अप से हट गए और लय में नहीं दिखे। इसके बाद वह घुटने को पकड़कर मैदान से बाहर जाते दिखे और मैच में आगे हिस्सा नहीं ले सके। राणा ने केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए। फिलहाल बीसीसीआई ने उनकी चोट की गंभीरता पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया।

सुंदर की चोट ने भी बढ़ाई चिंता

टीम इंडिया पहले से ही ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की चोट से जूझ रही, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले से ही बाहर। अब राणा की फिटनेस पर सवाल खड़े होने से टीम के तेज गेंदबाजी संयोजन को लेकर चिंता बढ़ गई। भारत की तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह मुख्य भूमिका में हैं जबकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे भी ऑलराउंड विकल्प के रूप में मौजूद हैं। 24 वर्षीय राणा अब तक 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और 9 विकेट ले चुके हैं।

इस वॉर्म-अप मुकाबले में भारत ने कुल 9 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिसमें बल्लेबाजी ऑलराउंडर तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा ने भी तीन-तीन ओवर डाले। तिलक वर्मा एक महीने की चोट के बाद टीम में लौटे और उनकी वापसी सकारात्मक संकेत मानी जा रही।

टीम इंडिया को तीन दिन बाद मुंबई में अमेरिका के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करनी है। ऐसे में राणा की फिटनेस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि टूर्नामेंट से ठीक पहले किसी भी खिलाड़ी की चोट टीम संतुलन पर असर डाल सकती है।

Tags:    

Similar News