T20 World cup 2026: भारत के बहिष्कार के ऐलान के बीच पाकिस्तान टीम श्रीलंका रवाना, ICC आगे क्या कर सकता?
पाकिस्तान की क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के ऐलान के बीच टी20 विश्व कप के लिए श्रीलंका रवाना हो गई है। अब सबकी नजर आईसी पर है, वो पाकिस्तान के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई करता है।
Pakistan departs for Sri Lanka t20 world cup 2026
Pakistan Cricket Team: टी20 विश्व कप से पहले क्रिकेट की सियासत एक बार फिर मैदान से बाहर गरमा गई। पाकिस्तान क्रिकेट टीम सोमवार को श्रीलंका के लिए रवाना हो गई लेकिन भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के बहिष्कार को लेकर अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी वीडियो फुटेज में खिलाड़ी नए टी20 विश्व कप किट में लाहौर के होटल से बस में बैठकर एयरपोर्ट जाते दिखे। टीम ऐसे वक्त में रवाना हुई है, जब भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले ग्रुप मैच को न खेलने के फैसले ने पूरी क्रिकेट दुनिया को चौंका दिया।
भारत इस टी20 विश्व कप का सह-मेजबान है लेकिन राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगा। इसमें नॉकआउट मैच भी शामिल होंगे, अगर टीम वहां तक पहुंचती है। रविवार को पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा की थी कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मैच का बहिष्कार करेगी। हालांकि इस फैसले के पीछे की वजह सरकार ने सार्वजनिक नहीं की।
खबरों के मुताबिक पीसीबी ने अभी तक इस फैसले की आधिकारिक सूचना आईसीसी को नहीं दी है। वहीं आईसीसी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि इस तरह का चुनिंदा भागीदारी का रुख वैश्विक टूर्नामेंट की मूल भावना के खिलाफ है और इसके नतीजे हो सकते हैं। आईसीसी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का यह कदम न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही दुनिया भर के फैन्स, खासकर पाकिस्तान के लाखों क्रिकेट प्रेमियों के लिए।
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक चार युद्ध हो चुके हैं और सीमा पर तनाव आम बात है। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच होने वाले क्रिकेट मुकाबले सबसे ज्यादा दर्शक खींचते हैं और ICC, ब्रॉडकास्टर व स्पॉन्सर्स के लिए बड़ी कमाई का जरिया होते हैं। पिछले 14 सालों से दोनों देशों के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है, इसलिए आईसीसी टूर्नामेंट में उन्हें अक्सर एक ही ग्रुप में रखा जाता है।
पाकिस्तान शनिवार से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगा। इससे पहले टीम बुधवार को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ आखिरी वॉर्म-अप मैच खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 से टी20 सीरीज जीत के बाद कप्तान सलमान अली आगा ने साफ कहा कि टीम सरकार के निर्देशों का पालन करेगी। भारत के खिलाफ मैच न खेलना हमारा फैसला नहीं है। हम वही करेंगे जो सरकार और पीसीबी अध्यक्ष कहेंगे।
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने आईसीसी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों से अपनी टीम को भारत भेजने से मना किया, तब आईसीसी ने बांग्लादेश को बाहर कर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।
भारत-पाकिस्तान के राजनीतिक रिश्तों की तल्खी पिछले साल एशिया कप में भी दिखी थी, जब भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था और बाद में ट्रॉफी भी स्वीकार नहीं की थी। अब टी20 विश्व कप में एक बार फिर क्रिकेट से ज्यादा चर्चा सियासत की हो रही है।