ind vs pak: ICC ने दी PCB को चेतावनी, भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच नहीं खेला तो भुगतना होगा अंजाम
ind vs pak: आईसीसी ने भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार पर चिंता जताई है और कहा कि बहिष्कार हुआ तो पाकिस्तान को दो अंक और नेट रन रेट का नुकसान। ICC ने कहा कि चयनित भागीदारी खेल भावना के खिलाफ है।
india vs pakistan boycott t20 world cup 2026
ind vs pak t20 world cup boycott: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पाकिस्तान सरकार के उस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच के बहिष्कार की घोषणा की गई। आईसीसी ने साफ कहा है कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पीसीबी से सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करने वाला, आपसी सहमति से निकला समाधान तलाशने की उम्मीद करता है।
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को होना है और इसे टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा कमाई वाला ग्रुप मैच माना जा रहा। पाकिस्तान सरकार की सोशल मीडिया पोस्ट के करीब तीन घंटे बाद आईसीसी ने बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि अभी तक पीसीबी की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई सूचना नहीं मिली है लेकिन चुनिंदा भागीदारी जैसे फैसले वैश्विक खेल आयोजन की बुनियादी भावना के खिलाफ हैं।
आईसीसी ने दी पीसीबी को चेतावनी
ICC ने अपने बयान में कहा, 'ग्लोबल टूर्नामेंट का मूल सिद्धांत यही है कि सभी क्वालिफाइड टीमें तय कार्यक्रम के मुताबिक बराबरी की शर्तों पर खेलें। चयनित मैचों का बहिष्कार खेल की निष्पक्षता, प्रतिस्पर्धा और निरंतरता को कमजोर करता है।' साथ ही आईसीसी ने यह भी जोड़ा कि वह सरकारों की भूमिका और राष्ट्रीय नीतियों का सम्मान करता है लेकिन यह फैसला न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही पाकिस्तान सहित दुनिया भर के करोड़ों फैंस के लिए अच्छा है।
भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान
इस विवाद की जड़ में बांग्लादेश का मामला भी है। 24 जनवरी को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटा दिया गया था। पाकिस्तान ही एकमात्र देश था जिसने बांग्लादेश के लिए वैकल्पिक वेन्यू की मांग का खुलकर समर्थन किया। इसके बाद पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC पर भारत के पक्ष में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार लेगी।
पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ है। वह अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा, जो भारत के साथ टूर्नामेंट का सह-मेजबान है। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, 10 फरवरी को अमेरिका से भिड़ेगा और 18 फरवरी को नामीबिया से मुकाबला होगा। अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है, तो उसे सीधे दो अंक गंवाने पड़ेंगे।
आईसीसी के प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक, इस फॉरफिट का असर पाकिस्तान के नेट रन रेट पर भी पड़ेगा। नियम 16.10.7 के अनुसार, डिफॉल्ट करने वाली टीम के खिलाफ पूरे 20 ओवर उसकी पारी में जोड़े जाएंगे, जिससे औसत रन रेट बिगड़ेगा। भारत के नेट रन रेट पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। आईसीसी ने अंत में दोहराया कि उसका फोकस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफल आयोजन पर है और सभी सदस्य बोर्ड, पीसीबी समेत, इसकी जिम्मेदारी साझा करते हैं।